Thinker, Writer, Anchor

May 28, 2019

मुंबई से ब्यावर पहुंची निशान पदयात्रा, श्याम परिवार ने संकीर्तन से किया स्वागत | Shyam Nishan Yatra


मुंबई से खाटूधाम जा रही निशान पदयात्रा का ब्यावर पहुंचने पर श्री श्याम परिवार की ओर से स्वागत किया गया। इस मौके पर श्याम मंदिर में भक्तों ने संकीर्तन कर बाबा काे रिझाया।

मंदिर प्रमुख सुनील कौशिक ने बताया कि बाबा के भक्त चंद्रप्रकाश ढांढण मुंबई से 1350 किलोमीटर की पदयात्रा कर रहे हैं। उदयपुर से कल्पेश मेवाड़ा व उनके दस वर्षीय पुत्र दिव्यांशु भी पैदल यात्रा में साथ जुड़ गए। ब्यावर पहुंचने पर आयोजित कार्यक्रम में मुकेश गर्ग, सुमित सारस्वत, सौरभ सक्सेना, दिलीप खत्री, सुनील सिंहल, निशांत मंगल ने पदयात्रियों को बाबा की छवि भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। मंदिर परिसर खाटू नरेश के जयकारों से गुंजायमान हो गया। इसके बाद श्याम संकीर्तन किया गया।

यह भी पढ़ें : पश्चाताप

मुंबई के पदयात्री चंद्रप्रकाश ने सुन लेगा श्याम मेरी आगे मर्जी तेरे.., तुमको नहीं भूलाऊंगा वादा किया निभाऊंगा.., मेरा घर खाटू में बना देते.. जैसे भाव सुनाए तो भक्तों की आंखें नम हो गई। विजय मंडोरा, मनोज शर्मा, चर्चित मंगल, चिराग गर्ग ने भी भजन प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में डॉली सक्सेना, अंजू गर्ग, विकास शर्मा, मयंक सिंहल, संस्कार मंगल, राकेश प्रजापति, उर्मिला भाटी, माधुरी गर्ग, ललित दगदी, राजेंद्र मंगल, उत्तम गर्ग, मुकेश चौहान सहित कई श्याम भक्त शामिल हुए।
-सुमित सारस्वत, मो.09462737273

मन में भाव बना और निशान निकल पड़े
चंद्रप्रकाश ने बताया कि वे मूलत: शेखावाटी राजस्थान के ढांढण गांव निवासी हैं। रोजगार के लिए मुंबई गए थे। वे भजन गायक भी हैं और हर महीने खाटू जाते हैं। वहां दूरदराज से आने वाले पदयात्रियों को देखकर उनके मन में भी पदयात्रा का भाव बना और 25 अप्रेल को निशान लेकर खाटू के लिए पैदल निकल पड़े। अब 50 दिन की यात्रा पूरी कर 13 जून को निर्जला एकादशी के मौके पर खाटू नरेश की नगरी पहुंचेंगे। मार्ग में जगह-जगह श्याम भक्त सेवा कर रहे हैं।
-सुमित सारस्वत, मो.09462737273

Sumit Saraswat available on :
Share:

May 25, 2019

मोरारी बापू ने पीएम नरेंद्र मोदी को दी ये महत्वपूर्ण सलाह | Advice to Narendra Modi


भारत में लगातार दूसरी बार पूर्ण बहुमत से ऐतिहासिक जीत हासिल कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिर से सत्ता में आए हैं। इसे लेकर पूरे देश में जश्न मनाया जा रहा है। इस बीच अंतर्राष्ट्रीय रामकथा वाचक मोरारी बापू ने पीएम मोदी को बधाई देते हुए सलाह दी है।

राजस्थान में वागड़ क्षेत्र के खड़गदा गांव में आयोजित मानस कबंध रामकथा में बापू ने कहा कि दो दिन रविवार तक विजय उत्सव मना लो और सोमवार से काम पर लग जाओ। जनता ने जनादेश दिया है तो गरीब के झोंपड़े तक जाओ। सबसे मिलो। समस्याओं का समाधान करो। यद्यपि हमारा प्रधानमंत्री कभी छुट्‌टी नहीं ले रहा है पांच साल में कभी अवकाश नहीं लिया। ये हर पल काम करता है। फिर भी साधु होने के नाते मैं सबसे कहूंगा। कटुता मुक्त होकर सबसे प्रेम करो। चाहे तुम सत्ता में हो या विपक्ष में। अब आओ, सबको गले लगा लो। कटुता मुक्त जीत से सब मिलकर शुभ में लग जाएं।


राजनीति कहती है, दुश्मन का दुश्मन मित्र है। मेरी व्यासपीठ कहती है, दुश्मन का दुश्मन भी मित्र हो और दुश्मन भी मित्र हो। ऐसे हम आगे बढ़ें। अब मैत्री हो। अब परस्पर प्रीत हो। सब कटुता, बोले हुए निवेदन सबका अध्याय पूरा कर दो और प्रसन्नता से सबको साथ लिए लाभ के लिए नहीं, राष्ट्र के शुभ के लिए आगे बढ़ें। नया भारत का सपना हम देख रहे हैं तो मूल भारत का गौरव, जो बातें मूल भारत को पुन: स्थापित करने में बाकी हो, उनको मुकम्मल करते हुए आगे बढ़ें और नए भारत का सृजन करें।

  
आजकल राजनीति लाभ में लग जाती है, शुभ में कोई नहीं लगता। आओ, हम सब छोटे-बड़े लाभों को छोड़ दें और एकजुट होकर सबका शुभ करें। ऐसा साधु का विनय है। हनुमानजी आपको बहुत बल दे और इस बल का फल राष्ट्र और विश्व को प्राप्त हो। -सुमित सारस्वत, मो.09462737273

यह भी पढ़ें : मोदी बोले फकीर की झोली भर दी




Sumit Saraswat available on :



Share:

पश्चाताप | Pashchatap

कहा जाता है जो आप कर्म करते हैं उसका फल कभी न कभी आपको मिल ही जाता है। ऐसा ही मेरे साथ हुआ।

बात उन दिनों की है जब मैंने कॉलेज में दाखिला लिया था। उसी वक्त एक अन्य लड़की ने भी दाखिला लिया था। उसकी सुन्दरता ने मेरे मन के भीतर जगह बना ली थी। मेघा नाम था उसका। धीरे-धीरे हमारी दोस्ती हुई और देखते ही देखते वो दोस्ती प्रेम में तब्दील हो गई। इस साथ से पता ही नहीं चला कब हमारी ग्रेजुएशन हो गई। हम हमारे रिश्ते को आगे बढ़ाना चाहते थे। हमने हमारे घर वालों को सब बता दिया और हमारी शादी तय हो गई। इस दौरान मेरी नौकरी भी लग गई और मुझे काम के सिलसिले से बाहर जाना पड़ा।

समय कैसे करवट लेता है किसी को नहीं पता। मेघा ने भी स्कूल ज्वाॅइन कर लिया था। एक दिन वो स्कूल से लाैट रही थी कि किसी ने उसका अपहरण कर लिया और उसे अपनी हवस का शिकार बना लिया। शादी के सिर्फ बीस दिन बचे थे। मेरे मन को अब मेघा से शादी करना गवारा नहीं लगा। मुझे लगा अब वो अपवित्र हो गई है। शायद यह मेरी छोटी सोच थी। पर उस समय मुझे उसका एहसास नहीं हुआ। मैं किसी दूसरी लड़की से शादी करके जीवन में आगे बढ़ गया। मेरे घर बेटी ने जन्म लिया। बेटी की किलकारियों ने पता ही नहीं चलने दिया कि वो कब बड़ी हो गई। अब उसकी शादी की बात चलने लग गई। उसको उसी के कॉलेज का दोस्त साहिल पसंद था। उसने हमें बताया और हमने दोनों की शादी तय कर दी। शादी की तैयारियां काफी धूमधाम से चल रही थी और आखिर में विवाह का वो दिन आ गया जिसका हमें बहुत इंतजार था।

 
बेटी तैयार होने के लिए पार्लर गई। वापस लौटते समय उसकी कार को आवारा लड़कों ने घेर लिया। ड्राइवर को मारकर कोने में पटक दिया और मेरी बेटी के साथ दुष्कर्म किया। जब मुझे यह खबर मिली तो मानो पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। अब मुझे मेरी बेटी में वही तीस साल पहले वाली मेघा दिखाई दे रही थी। मुझे लगा साहिल इसको अब स्वीकार नहीं करेगा। पर साहिल की सोच ने मुझे अपने आप को सोचने पर मजबूर कर दिया। उस वक्त उसने मेरी बेटी को मानसिक मजबूत किया जो हम नहीं कर पाते। उन बदमाशों को सजा भी दिलवाई। कुछ दिनों बाद उससे शादी करके उसे उस हादसे को पूरी तरह से भुलाने में मदद की। साहिल ने मुझे कहा, 'मैंने आपकी बेटी को उसकी शारीरिक सुंदरता से नहीं, उसकी आंतरिक सुंदरता से प्रेम किया है।' उसकी बातों ने मेरे मन को छू लिया। अब मुझे अपने आप पर शर्मिन्दगी हो रही थी। यह सोचकर कि जब मेघा को उस समय सबसे अधिक मेरे सहारे की जरूरत थी तब मैंने अपनी दकियानूसी सोच के कारण उसका साथ नहीं दिया।

आज साहिल मुझे अपने आप से बहुत बड़ा दिख रहा था। शायद कोई फरिश्ता, जिसने मुझे ये समझा दिया कि दुष्कर्म करने वालों को दंड मिलना चाहिए, पीड़िता को नहीं। उसके शरीर से ज्यादा हम समाज वाले उसका मानसिक बलात्कार कर देते हैं।

यह भी पढ़ें : मेरे दिल का दर्द

अब मैंने सबसे पहले मेघा को ढूंढने की कोशिश की। कुछ दिनों में उसका पता लग गया। वो अपने जीवन में आगे बढ़ चुकी थी। उसने शादी नहीं की। दुष्कर्म पीड़िताओं के साथ लड़कर उन्हें न्याय दिलाना अपना लक्ष्य बना लिया। मिलते ही मैंने उससे माफी मांगी। उसका दिल बहुत बड़ा निकला। उसने मुझे माफ किया। मैंने भी उसके मिशन को अपना मिशन बनाकर अपनी गलती का पश्चाताप किया।

-लेखिका मीनाक्षी भारद्वाज ज्वलंत व सामाजिक विषयों पर लिखती हैं।

उक्त कहानी पर आप अपने विचार कमेंट बॉक्स में अवश्य लिखें।
Share:

May 24, 2019

मोरारी बापू ने रामकथा में किया मोदी का राजतिलक | Rajtilak of Narendra Modi


भारत में लगातार दूसरी बार पूर्ण बहुमत से ऐतिहासिक जीत हासिल कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिर से सत्ता में आए हैं। इस जीत से संत समाज में भी खुशी है। आज अंतर्राष्ट्रीय रामकथा वाचक मोरारी बापू ने इस विजय पर प्रसन्नता व्यक्त की है।


राजस्थान में वागड़ क्षेत्र के खड़गदा गांव में आयोजित मानस कबंध रामकथा में बापू ने नरेंद्र मोदी का शब्दों से राजतिलक कर दिया। बापू बोले, जीत हुई है। अब संसदीय दल की बैठक होगी। फिर राष्ट्रपति के पास जाएंगे। फिर वो आमंत्रण देंगे। फिर शपथ होगी। राज्यारोहण होगा। इस प्रक्रिया में कई दिन लगेंगे। आओ हम सब प्रेम का कुमकुम, करुणा का अक्षत और सत्य का दीपक लेकर आज ही मोदीजी का राजतिलक कर दें। इसके बाद बापू ने आशीर्वाद स्वरूप कहा, खुश रहो।


गौरतलब है कि मोरारी बापू और नरेंद्र मोदी दोनों ही मूलत: गुजरात राज्य से हैं। बापू समय-समय पर अपनी व्यासपीठ से मोदी के कार्यों की सराहना करते रहते हैं। मोदी स्वयं भी बापू को काफी मानते हैं और जब भी मौका मिलता है बापू की रामकथा में पहुंचकर आशीर्वाद जरूर लेते हैं। एक ही प्रांत के होने से दोनों के बीच आत्मीय रिश्ता है। -सुमित सारस्वत, मो.09462737273

 
Sumit Saraswat available on :
Share:

मोरारी बापू ने पीएम मोदी को दिया एक और नया सूत्र | New Suggestion For PM Modi

राजस्थान में वागड़ क्षेत्र के खड़गदा में आयोजित रामकथा में अंतर्राष्ट्रीय संत मोरारी बापू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आज एक और नया सूत्र दिया है। मोदी को संबोधित करते बापू बोले, सबका साथ, सबका विकास और कल आपने कहा सबका विश्वास। मोदी साहब एक और सूत्र लगा लीजिए- सबको विश्राम। सबको आनंद, प्रसन्नता, शांति भी प्राप्त हो।


बापू ने स्पष्ट किया कि, व्यासपीठ पर बैठा एक साधु सत्ता को सलाह नहीं दे रहा है। सलाह देना मेरा काम भी नहीं है। पूरा जगत जानता है कि मैं सबसे एक सम्मानित डिस्टेंस करके रहता हूं। लेकिन रामचरितमानस के नाते, रामचरितमानस के विचार के नाते सलाह नहीं, विनय करता हूं। सलाह कौन किसकी मानता है। विनय साधु करता है।


यह भी पढ़ें : बापू का मोदी को प्रेम पत्र

भगवान वशिष्टजी ने चित्रकूटजी की सभा में भगवान राम को कहा कि आप राजा हैं। यद्यपि अभी आपका वनवास है लेकिन लोक ह्दय में आप राजा हैं। भरत साधु है। ये भरत रूपी साधु की विनय सुनिए, सलाह नहीं। साधु होने के नाते एक फकीर के नाते। बापू बोले कि, नरेंद्र भाई आप कल बोले कि मैं फकीर हूं। आपने कहा कि एक फकीर की झोली में मेरे देश ने बहुत प्यार डाला है। आप अपने को फकीर कहते हैं तो हम तो साधु हैं ही। एक फकीर, फकीर को सलाह नहीं दे रहा, विनय कर रहा है। कोई माई का लाल मेरी व्यासपीठ पर उंगली नहीं उठा सकता कि बापू किसी प्रभाव में हैं। मैं किसी के प्रभाव में नहीं, अपने स्वभाव में हूं।
 

यह भी पढ़ें : जीत के बाद मोदी के 3 वादे

बापू ने अपनी बातें बोलने के बाद मोदी को आह्वान करते हुए कहा कि बावाजी जब भी समय मिले, मेरी बातें सुन लेना। न सुनो तो भी कोई बात नहीं। बावा ने बीज बो दिया है। मेरा काम मैंने पूरा किया। एक राष्ट्र नागरिक के नाते एक सम्मानित दूरी रखते हुए जीने वाले साधु का विनय है।
-सुमित सारस्वत की रिपोर्ट, मो.09462737273

यह भी पढ़ें : द्रोपदी के चौदह पति


Sumit Saraswat available on :
Share:

मोरारी बापू बोले, भारत ने प्यार और दुलार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिषेक किया | Morari Bapu Speech on PM Modi


अंतर्राष्ट्रीय रामकथा वाचक मोरारी बापू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व राष्ट्र को ऐतिहासिक जीत की बधाई देते हुए हर्ष जताया।
राजस्थान के खड़गदा में हो रही रामकथा में बापू ने कहा कि कल विजय समारोह में आदरणीय प्रधानमंत्री साहब बोले कि ये विजय भारत की विजय है। ये अच्छी बात है। इसलिए मैं सबसे पहले समग्र राष्ट्र को बधाई देना चाहता हूं। क्योंकि भारत की भूमि ने जाति-पाति, वर्ग, वर्ण, मजहब ने साक्षी बनकर राष्ट्र की आत्मा को पूछकर निर्णय लिया है। ये बहुत बड़ा प्यार और दुलार का अभिषेक भारत ने जिस व्यक्ति पर किया वो आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी को भी बधाई। पूरी राजपीठ को एक साधु की व्यासपीठ बधाई दे रही है।

जीत के बाद मोदी के पहले संबोधन की बापू ने सराहना की। वे बोले कि, कल मोदीजी ने अच्छी बात कही कि भूल होती है लेकिन मैं किसी के प्रति द्वेषपूर्ण नहीं रहूंगा। किसी के प्रति बदले की भावना नहीं रखूंगा। साधु इस वक्तव्य का स्वागत करता है।
 
आप की अदालत में रजत शर्मा जी ने जब मुझसे पूछा कि प्रधानमंत्री मोदी के लिए आपको क्या कहना है। तब मैंने स्पष्ट कहा था कि राजनीति में साम, दाम, दंड, भेद सब होता है मगर कहूंगा कि इस आदमी की राष्ट्र भक्ति पर दुनिया का कोई माई का लाल उंगली नहीं उठा सकता। यह मेरा प्रमाण पत्र नहीं, मेरा प्रेम पत्र है। एक शेर सुनाता हूं, 'कभी किसी को छला नहीं, यारों इसीलिए मैं चला नहीं।' इसके बाद बापू ने एक और शेर सुनाया 'गजल की पूरी किताब बकरी खा गई, पूरे शहर में चर्चा है कि बकरी शेर खा गई।' इन शेरों पर पांडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
-सुमित सारस्वत की रिपोर्ट, मो.09462737273

यह भी पढ़ें : मोदी बोले फकीर की झोली भर दी 


Sumit Saraswat available on :

Share:

May 23, 2019

मोदी ने इन्हें समर्पित की भारत की सबसे बड़ी जीत | Biggest Victory in India


भारत में भारतीय जनता पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ दूसरी बार लगातार ऐतिहासिक जीत दर्ज कर सत्ता में आई है। दिल्ली के भाजपा मुख्यालय में जीत का जश्न मनाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि हम कभी दो थे। दो से दुबारा आए हैं, मगर कभी भी नम्रता, विवेक, आदर्श और संस्कार नहीं छोड़ेंगे।

मोदी ने कहा, यह विजय देश में ईमानदारी के लिए तड़पते हुए नागरिक की विजय है। 21वीं सदी के सपनों को लेकर चल पड़े नौजवान युवा की विजय है। शौचालय के लिए तड़पती मां की विजय है। उस बीमार व्यक्ति की विजय है जो पैसों के अभाव में इलाज नहीं करवा पा रहा था। उस गरीब किसान की विजय है जो पसीना बहाकर राष्ट्र का पेट भरने के लिए अपने पेट को परेशान करते रहता है। उन 40 करोड़ असंगठित मजदूरों की विजय है जिनके लिए पहली बार पेंशन लागू हुई। उन बेघर परिवारों की विजय है जो पक्के घर में रहने लगे हैं या जो 2022 तक जिनका पक्का घर बनना तय है। यह मध्यमवर्गीय परिवार की विजय है।

यह भी पढ़ें : जीत के बाद मोदी के 3 वादे

मोदी बोले, देश में लंबे समय से सेक्युलरिज्म को लेकर ड्रामेबाजी चल रही थी। हमने सेक्युलरिज्म को समाप्त किया। इस चुनाव में कोई भी दल सेक्युलरिज्म का नकाब पहनकर गुमराह नहीं कर पाया। पूरे चुनाव में सत्ता दल पर महंगाई का आरोप नहीं लगा। यह पूरी तरह से भ्रष्टाचार मुक्त चुनाव था। इस बार पॉलिटिकल पंडित भी गुमराह थे।
-सुमित सारस्वत की रिपोर्ट, मो.09462737273

यह भी पढ़ें : मोदी बोले फकीर की झोली भर दी 
Share:

जीत के बाद मोदी ने जनता से किए ये 3 वादे | Three Promises of PM Modi


भारत में एक बार फिर ऐतिहासिक जीत के बाद दिल्ली के भाजपा मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत ने मुझे बहुत दिया है। मैं विश्वास दिलाता हूं कि आपकी आशा, आपके संकल्प पूरे करूंगा।

मोदी बोले, पांच साल पहले वर्ष 2014 में आप मुझे ज्यादा नहीं जानते थे फिर भी जिताया। अब 2019 में जानते हो तो जिताकर ताकत दी है। आपने जो दायित्व दिया है, मैं वादा करता हूं कि कभी बदइरादे और बदनीयत से काम नहीं करूंगा। मेरे लिए कभी कुछ नहीं करूंगा। मेरे समय का पल-पल और मेरे शरीर का कण-कण सिर्फ और सिर्फ देशवासियों के लिए होगा। आप जब भी कभी मूल्यांकन करें इन तीन तराजू पर करना। अगर कमी रह जाए तो कोसना।
-सुमित सारस्वत की रिपोर्ट, मो.09462737273

यह भी पढ़ें : मोदी बोले फकीर की झोली भर दी 
Share:

मोदी बोले, भारत ने फकीर की झोली भर दी | Modi speech after won

भारत में एक बार फिर ऐतिहासिक जीत के बाद दिल्ली के भाजपा मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि देश के कोटि-कोटि नागरिकों ने इस फकीर की झोली वोटों से भर दी। मैं देश के नागरिकों काे सिर झुकाकर नमन करता हूं।

आजादी के बाद देश में पहली बार रिकॉर्ड तोड़ मतदान हुआ। 40 डिग्री तापमान में भी लोगों ने जाकर वोट दिया। ये मतदाताओं की जागरूकता है। मैं सवा सौ करोड़ जनता का आभार व्यक्त करता हूं। चुनाव आयोग, सुरक्षा बल, लोकतंत्र व्यवस्था उत्तम तरीके से संभालने वाले हर व्यक्ति को हृदय से बधाई देता हूं। हम यह विजय जनता को समर्पित करते हैं।
यह भी पढ़ें : ऐसी दीवानगी देखी नहीं कभी

जब महाभारत का युद्ध हुआ था तब श्रीकृष्ण से पूछा गया था, 'आप किसके पक्ष में थे।' मैं समझता हूं कि आज 2019 में जनता ने श्रीकृष्ण के रूप में जवाब दिया है। उन्होंने जवाब दिया था कि 'मैं किसी के पक्ष में नहीं। मैं सिर्फ हस्तिनापुर के पक्ष में था।' मुझे खुशी है कि 130 करोड़ नागरिक भारत के लिए खड़े हैं। आज हिंदुस्तान विजयी हुआ है, लोकतंत्र विजयी हुआ है, जनता विजयी हुई है। यह भारत के उज्जवल भविष्य की गारंटी है।
वीडियो देखें : शादी में मोदी-मोदी
 
केंद्र सरकार राज्यों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेगी। चुने हुए सभी प्रतिनिधि देश की सेवा करेंगे। हमारा सिर्फ एक ही भाव रहेगा 'भारत माता की जय'। जनता व कार्यकर्ता कोटि-कोटि आभारी हैं जिन्होंने लोकतंत्र के इस उत्सव में यशस्वी भूमिका निभाई।

-सुमित सारस्वत की रिपोर्ट, मो.09462737273
Sumit Saraswat available on :

 
Share:

May 16, 2019

ऐसी दीवानगी पहले कभी नहीं देखी होगी..अनूठी शादी | Modi Theme Wedding

  • पहली बार दिखी मोदी के लिए ऐसी दीवानगी, विवाह के आमंत्रण पत्र से लेकर दूल्हा-दुल्हन के कपड़ों और समारोह स्थल पर मोदी की तस्वीरें, ब्यावर में मोदी थीम पर हुई अनूठी शादी



सतरंगी रोशनी से सजा भव्य पांडाल, हर ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरें, पोस्टर में स्लोगन, सरकारी योजनाएं, और मोदी का भाषण..। मगर यह कोई चुनाव सभा नहीं, बल्कि एक शादी का नजारा है।


ब्यावर में हुई इस अनूठी शादी में हर ओर मोदी छाए हुए थे। विवाह समारोह स्थल पर मोदी के बड़े-बड़े पोस्टर और बैनर लगे थे। इन बैनर पर लिखी थी मोदी सरकार की योजनाएं। साथ ही सर्जिकल अटैक और अभिनंदन के वतन वापसी की तस्वीरें भी।




कहीं मोदी का मां से मिलन तो कहीं विदेशी नेताओं के साथ चर्चा की तस्वीरें। यानि बचपन से लेकर सियासी सफर तक की कई तस्वीरें। स्टेज के पास लगी बड़ी सी एलईडी वॉल पर चल रहे थे मोदी के भाषण। इतना ही नहीं, मेजबान परिवार के चमकते नए कपड़ों पर भी मोदी का चेहरा प्रिंट था। मेहमानों को निमंत्रण के लिए भेजे गए आमंत्रण पत्र पर भी मोदी की तस्वीर लगाई गई थी।

चुनाव से पहले तो ऐसा करना शायद प्रचार का जरिया हो सकता था मगर राजस्थान में चुनाव के बाद की ये तस्वीरें देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि लोग किस तरह मोदी के दीवाने बने हुए हैं। पहली बार मोदी के लिए ऐसी दीवानगी देखकर मेहमान भी दंग रह गए। लोगों के बीच अब यह अनूठी शादी काफी चर्चा में है। -सुमित सारस्वत की रिपोर्ट, मो.09462737273

वीडियो देखें : शादी में मोदी-मोदी

इस लेख पर अपने विचार नीचे कमेंट बॉक्स में लिखें



Sumit Saraswat available on :
Share:

श्याम दीवानों ने महफिल सजाई.. | Shyam Bhajan


ब्यावर के फतेहपुरिया चौपड़ स्थित श्री श्याम मंदिर में भजन संध्या का आयोजन किया गया। इसमें राधा रसिक बिहारी परिवार की ओर से भजनों की प्रस्तुति दी गई।


सुमित सारस्वत ने बताया कि लखदातार के भव्य दरबार में गायिका प्रियंका चतुर्वेदी व कोमल चतुर्वेदी ने भक्ति गीतों से बाबा को रिझाया। श्याम दीवानों ने महफिल सजाई.., आएगा मेरा सांवरा.., म्हने श्याम से कोई मिला दो.. जैसे भजनों पर भक्त झूम उठे। कार्यक्रम में मोनिका कौशिक, राधा चतुर्वेदी, अंजू गर्ग, सुनीता कौशिक, प्रभा शर्मा, सुनील कौशिक, नरेंद्र भारद्वाज ने धर्मलाभ लिया।


रात्रि में श्री श्याम परिवार की ओर से खाटू नरेश का गुणगान किया गया। इसमें विजय मंडोरा, निशांत मंगल, गौरव गर्ग, चर्चित मंगल व अन्य ने भक्तिमय प्रस्तुति दी। मयंक सिंहल ने बाबा का आकर्षक श्रृंगार कर दरबार सजाया। विनेश कौशिक, विकास शर्मा, मुकेश गर्ग, दिलीप खत्री, अंकुर मित्तल, सुनील सिंहल, अरविंद बंसल, श्रवण भूतड़ा, दीपेश गोयल, संस्कार मंगल सहित कई श्याम भक्त शामिल हुए।


Sumit Saraswat available on :
 
Share:

Featured Post

दास्तान-ए-आशिकी, जुबान-ए-इश्क | Famous Love Story

ग्लोबलाइजेशन के इस युग ने हमारी जेनरेशन को वैलेंटाइंस डे का तोहफा दिया है। यह दिन प्यार के नाम होता है। इतिहास के पन्ने पलटने पर आप पाएंगे...

Amazon Big Offer

Advt

Blog Archive

Copyright

इस ब्लॉग में दिये किसी भी लेख या उसके अंश और चित्र को बिना अनुमति के किसी भी अन्य वेबसाइट या समाचार-पत्र, पत्रिका में प्रकाशित नहीं किया जा सकता। अनुमति के लिये केवल मेल पर सम्पर्क करें: sumit.saraswat09@gmail.com

Pageviews

Labels

Blog Archive

Recent Posts

Unordered List

Theme Support