Thinker, Writer, Anchor

January 8, 2024

Ram Mandir Opening: अजमेर में बनी 8 मशीनों से अयोध्या की सीता रसोई में सिकेंगी रोटियां, जानें रामभक्तों को कैसे मिलेगा भोजन प्रसाद?


✍ सुमित सारस्वत

Ramlala Pran Pratishtha: देशभर में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की चर्चा है. अयोध्या में भव्य मंदिर निर्माण होने से पूरा देश खुश है. हर सनातनी अपने आराध्य प्रभु राम के आगमन की जोर-शोर से तैयारियां कर रहा है. रामलला का दर्शन करने पहुंचने वाले भक्तों के लिए भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं. राजस्थान (Rajasthan) के अजमेर से 8 चपाती मेकिंग मशीन अयोध्या भेजी गई है. रामभक्तों के लिए इन मशीनों की सहायता से रोटियां सेंककर भोजन प्रसाद तैयार किया जाएगा.

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने किया पूजन
सोमवार को अजमेर (Ajmer) से अयोध्या (Ayodhya) भेजे जाने से पहले अजमेर उत्तर विधायक व राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी (Vasudev Devnani) ने विधिविधान से इन मशीनों का पूजन किया. इसके बाद हरी झंडी दिखाकर मशीनों के वाहन को रवाना किया. जिस वाहन में मशीन भेजी गई, उसे रवानगी से पहले सजाया गया. लोगों ने जय सियाराम का जयघोष किया. इस दौरान पूर्व महापौर धर्मेंद्र गहलोत, भाजपा (BJP) के अजमेर जिलाध्यक्ष रमेश सोनी, महिला मोर्चा अध्यक्ष व पार्षद भारती श्रीवास्तव समेत जनप्रतिनिधि और आमजन मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें- राम मंदिर के लिए क्या बोले इकबाल अंसारी ?

सदियों पुराना सपना होगा पूरा
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि 22 जनवरी को अयोध्या राम मंदिर (Ayodhya Ram Mandir) में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा होगी. भारतीयों का सदियों पुराना सपना पूरा होगा. इसके लिए हमने 500 साल तक संघर्ष किया है. हजारों कारसेवकों ने अपना बलिदान दिया है. अब पूरा भारत राममय हो रहा है. अयोध्या नगरी विश्व का सबसे बड़ा तीर्थ स्थल बन रही है. खुशी है कि इसमें अजमेर की सहभागिता भी है. मां सीता भोजनशाला में अजमेर से मशीनें जाने से पुण्य प्राप्त होगा.

यह भी पढ़ें- अयोध्या में क्यों होती है यह पूजा ?

एक बार में बनेंगी 1200 चपातियां
मशीन निर्माता राजेश एवं मनीष शर्मा ने बताया कि यह अजमेरवासियों का सौभाग्य है कि अयोध्या की सीता रसोई (Sita Rasoi Ayodhya) में अजमेर की मशीनों से भक्तों के लिए चपाती प्रसाद बनेगा. एक मशीन से एक बार में 1200 चपातियां बना सकेंगे. अजमेर के 50 कार्मिक वहां काम कर रहे हैं. इन मशीनों के लिए अयोध्या से संत गोपालदास महाराज ने ऑर्डर किया था. ©सुमित सारस्वत

यह भी पढ़ें- किसने की 250 किलोमीटर पदयात्रा ?

Sumit Saraswat available on :
Share:

January 5, 2024

Ram Mandir Inauguration: अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में मुसलमान भी होंगे शामिल, इकबाल ने दिया यह जवाब


Ram Mandir Pran Pratishtha: रामनगरी अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर लगभग बनकर तैयार है. आगामी 22 जनवरी को राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा होगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) और यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के यजमान होंगे. भव्य समारोह में शामिल होने के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास करीब छह हजार विशिष्ट जन को आमंत्रित कर रहा है. शुक्रवार को न्यास ने इकबाल अंसारी के घर जाकर उन्हें निमंत्रण पत्र सौंपा.

आमंत्रण के बाद क्या बोले अंसारी

आमंत्रण मिलने के बाद इकबाल अंसारी (Iqbal Ansari) ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वर्ष 2019 में जब सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुनाया तो पूरे देश के मुसलमानों ने समर्थन किया. कहीं एक पत्ता भी नहीं हिला. कहीं कोई धरना, प्रदर्शन नहीं हुआ. हिंदू और मुसलमान के बीच कोई दरार नहीं है. मंदिर का काम पूरा हो चुका है. अयोध्यावासियों के साथ मुझे भी खुशी है कि यहां भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन रहा है. अयोध्या में भगवान राम (Lord Ram) साक्षात विराजमान हैं. अयोध्या ऐसी धरती है जहां हिंदू, मुसलमान, सिख, ईसाई सभी में भाईचारा है और यह हमेशा बना रहेगा.

यह भी पढ़ें- अयोध्या में क्यों होती है यह पूजा ?

अंसारी की अपील का हुआ था असर
आपको बता दें कि इकबाल अंसारी बहुचर्चित केस में बाबरी पक्षकार रहे थे. वर्ष 2019 में अयोध्या राम मंदिर (Ayodhya Ram Temple) के पक्ष में फैसला आने के बाद इकबाल ने मुसलमानों से सुप्रीम कोर्ट के फैसले को सम्मान देने की अपील की थी. उनकी अपील का देशभर में असर भी हुआ. मुसलमानों ने कोर्ट के आदेश को मानते हुए स्वीकार किया.

यह भी पढ़ें- किसने की 250 किलोमीटर पदयात्रा ?

पीएम मोदी पर बरसाए थे फूल

रामनगरी में कौमी एकता और सांप्रदायिक सौहार्द कायम रखने में इकबाल अंसारी की अहम भूमिका मानी जाती है. चंद रोज पहले गत 30 दिसंबर को जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या (Ayodhya) पहुंचे तो रोड शो के दौरान इकबाल ने फूल बरसाकर स्वागत किया. उनकी यह तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हुई थी. ©सुमित सारस्वत

यह भी पढ़ें- उर्स से पहले अजमेर में हादसा

Sumit Saraswat available on :
Share:

Rajasthan Ministers News: राजस्थान में मंत्रियों को विभागों का बंटवारा, जानें किस मंत्री को मिला कौनसा मंत्रालय?

Rajasthan Cabinet Expansion: राजस्थान में लंबे इंतजार के बाद सीएम भजनलाल सरकार के मंत्रियों को मंत्रालय का बंटवारा कर दिया गया है. राज्यपाल कलराज मिश्र (Kalraj Mishra) ने शुक्रवार को मंत्रिमंडल में विभाग बंटवारे के प्रस्ताव का अनुमोदन किया है. जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (Bhajan Lal Sharma) ने गृह विभाग, कार्मिक विभाग, आबकारी विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, आयोजना विभाग, नीति निर्धारण प्रकोष्ठ - मुख्यमंत्री सचिवालय, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) एवं सामान्य प्रशासन विभाग अपने पास ही रखे हैं.

जानें किसे मिला कौनसा मंत्रालय ?

दिया कुमारी - वित्त विभाग, पर्यटन विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, बाल अधिकारिता विभाग, कला, साहित्य, संस्कृति और पुरातत्व विभाग

डॉ. प्रेमचंद बैरवा - तकनीकी शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, आयुर्वेद, योग व प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्धा एवं हौम्योपैथी आयुष विभाग

किरोड़ीलाल मीणा - कृषि एवं उद्यानिकी विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग

गजेंद्र सिंह खींवसर - चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, ईएसआई

कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ - उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग, युवा मामलात और खेल विभाग, कौशल नियोजन एवं उद्यमिता विभाग, सैनिक कल्याण विभाग

मदन दिलावर - विद्यालयी शिक्षा विभाग (स्कूल एजुकेशन), पंचायती राज विभाग, संस्कृत शिक्षा विभाग

कन्हैयालाल चौधरी - जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, भू-जल विभाग

जोगाराम पटेल - संसदीय कार्य विभाग, विधि एवं विधिक कार्य विभाग और विधि परामर्शी कार्यालय, न्याय विभाग

सुरेश सिंह रावत - जल संसाधन विभाग, जल संसाधन (आयोजना) विभाग

अविनाश गहलोत - सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग

सुमित गोदारा - खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, उपभोक्ता मामलात विभाग

जोराराम कुमावत - पशुपालन एवं डेयरी विभाग, गोपालन विभाग, देवस्थान विभाग

बाबूलाल खराड़ी - जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग, गृह रक्षा विभाग

हेमंत मीणा - राजस्व विभाग, उपनिवेशन विभाग


राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) को मिले यह मंत्रालय


सुरेन्द्रपाल सिंह टी.टी. - कृषि विपणन विभाग, कृषि सिंचित क्षेत्र विकास एवं जल उपयोगिता विभाग, इंदिरा गांधी नहर विभाग, अल्पसंख्यक मामलात एवं वक्फ विभाग

संजय शर्मा - वन विभाग, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग

गौतम कुमार - सहकारिता विभाग, नागरिक उड्डयन विभाग

झाबर सिंह खर्रा - नगरीय विकास विभाग, स्वायत्त शासन विभाग

हीरालाल नागर - ऊर्जा विभाग


राज्यमंत्रियों को मिले यह मंत्रालय

डॉ. मंजू बाघमार - महिला एवं बाल विकास विभाग, बाल अधिकारिता विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग

ओटाराम देवासी - पंचायती राज विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा

कृष्ण कुमार विश्नोई - उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, युवा मामलात और खेल विभाग, कौशल नियोजन एवं उद्यमिता विभाग

जवाहर सिंह बेढम -
गृह विभाग, गोपालन विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विभाग मत्स्य विभाग

उपरोक्त के अतिरिक्त अन्य अवितरित विभागों का कार्य मुख्यमंत्री स्वयं देखेंगे.
©सुमित सारस्वत

 

Sumit Saraswat available on :

 

Share:

January 3, 2024

मकर संक्रांति पर करेंगे रक्त दान, मानव सेवा संकल्प शिविर में होगा संग्रह - Blood Donation on Makar Sankranti

दान-पुण्य के पर्व मकर संक्रांति पर मानव सेवा संकल्प संस्था रक्त संग्रह करेगी. इस दिन शहर के लोग दान के रूप में अपना रक्त दे सकेंगे. फतेहपुरिया बगीची में आयोजित होने वाले शिविर में रक्त संग्रह किया जाएगा. संस्था प्रमुख अजय शर्मा ने बताया कि शिविर संयोजक अमित बंसल, प्रशांत भराड़िया और अजमत काठात होंगे.


यह भी पढ़ें- अजमेर में क्यों हुआ यह हादसा ?

 
शर्मा ने बताया कि एक समय था जब रक्तदान को लेकर लोगों के मन में भय होता था, लोग रक्तदान करने से कतराते थे, परिजनों व रिश्तेदारों को भी जरूरत होने पर बहुत मुश्किल से रक्त उपलब्ध होता था. ऐसे समय में मानव सेवा संकल्प के सदस्यों ने रक्तदान के प्रति जनमानस में फैली भ्रांतियों को दूर किया और शहर में रक्तदान को लेकर अलख जगाई. परिणामस्वरूप स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जनता जागरूक हुई.


यह भी पढ़ें- क्या बोले मंत्री गहलोत ?


सदस्य प्रवीण बड़ौला ने बताया कि शिविर के लिए विभिन्न सामाजिक संस्थाओं व संगठनों से संपर्क करेंगे. कॉलेज और कोचिंग सेंटर में भी स्वैच्छिक रक्तदान को लेकर व्याख्यान आयोजित करेंगे. शहर के मुख्य मार्गों पर स्कूली छात्रों की रैली के जरिए स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने का संदेश देंगे. ©सुमित सारस्वत


यह भी पढ़ें- पुष्कर में मेरा बालम थानेदार


Sumit Saraswat available on :
Share:

पहली बार गृह जिले में आगमन पर फुले को नमन कर क्या बोले मंत्री गहलोत - Avinash Gehlot in Beawar

 

राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत बुधवार को जयपुर (Jaipur) से जैतारण जाते वक्त ब्यावर रूके. मंत्री बनने के बाद पहली बार आगमन पर विधायक शंकर सिंह रावत (Shankar Singh Rawat) व नगर परिषद सभापति नरेश कनौजिया के नेतृत्व में बीजेपी (BJP) कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका गर्मजाेशी से स्वागत किया. गहलोत ने सातपुलिया स्थित फुले सर्किल पहुंचकर महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया. यहां माली समाज ने उनका अभिनंदन किया.


यह भी पढ़ें- पुष्कर में मेरा बालम थानेदार


मंत्री अविनाश गहलोत (Avinash Gehlot) ने कहा कि ब्यावर (Beawar) जिले का होने के नाते यहां की प्रमुख समस्याओं को दूर करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी. केंद्र सरकार की विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत चलाए जा रहे अभियान में जन कल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का हरसंभव प्रयास करेंगे. ब्यावर आगमन पर गहलोत ने अजमेर रोड पर वंदे गौ मातरम् चैरिटेबल की ओर से संचालित सर्वजीव चिकित्सालय का भी अवलोकन किया और सेवा को सराहा. ब्यावर में स्वागत कार्यक्रम के बाद मंत्री गहलोत ने जैतारण (Jaitaran) प्रस्थान किया.
©सुमित सारस्वत


यह भी पढ़ें- अजमेर में क्यों हुआ यह हादसा ?
 

Sumit Saraswat available on :
Share:

January 2, 2024

New TV Serial: आज से कलर्स पर आएगा 'मेरा बालम थानेदार', सीरियल में दिखेंगे पुष्कर के धोरे और सरोवर

Mera Balam Thanedar Serial: राजस्थान की सभ्यता और संस्कृति पूरी दुनिया में अनूठी है. इसकी झलक अब बॉलीवुड की फिल्मों और टीवी सीरियल्स में भी देखने को मिल रही है. विश्व प्रसिद्ध टेंपल सिटी पुष्कर (Temple City Pushkar) में बने धारावाहिक 'दीया और बाती हम' की सफलता के बाद यहां बना एक और नया सीरियल आ रहा है. यह नया शो 'मेरा बालम थानेदार' कलर्स चैनल पर बुधवार से शुरू होगा. शगुन पांडे (Shagun Pandey) और श्रुति चौधरी (Shruti Choudhary) के इस धारावाहिक का पहला एपिसोड रात 9.30 बजे प्रसारण होगा. इस सीरियल का प्रोमो भी सामने आया है, जो काफी जबरदस्त है.

कम उम्र में विवाह विषय पर आधारित
'मेरा बालम थानेदार' सीरियल में शगुन पांडे और श्रुति चौधरी मुख्य भूमिका में हैं. यह शो श्रृंखला कम उम्र में विवाह विषय पर आधारित है. इस राजस्थानी धारावाहिक में श्रुति ने बुलबुल और शगुन ने वीर प्रताप सिंह का किरदार निभाया है. कहानी में बुलबुल एक युवा लड़की है जो मानती है कि यदि झूठ से किसी का भला हो तो झूठ बोलना बुरा नहीं है. दूसरी ओर, वीर एक पुलिस अधिकारी है जिन्हें झूठ और धोखे से नफरत है. एक ऐसा अधिकारी, जो किसी भी प्रकार के धोखे को गंभीर अपराध मानता है. बुलबुल के माता-पिता उसकी वास्तविक उम्र छुपाकर कम उम्र में ही वीर से शादी करवा देते हैं. इसी बाल विवाह के इर्द-गिर्द यह कहानी है.

यह भी पढ़ें- अजमेर में क्यों हुआ यह हादसा ?

अजमेर-पुष्कर में फिल्माए शॉट
'मेरा बालम थानेदार' की प्रेम कहानी राजस्थान (Rajasthan) की पृष्ठभूमि पर आधारित है और दो व्यक्तियों के जीवन के इर्द-गिर्द घूमती है. इनमें एक समर्पित पुलिस अधिकारी है और एक उत्साही किशोर लड़की. शो का नायक वीर एक ईमानदार और सिद्धांतवादी पुलिस अधिकारी है जो झूठ से नफरत करता है. राजस्थानी पृष्ठभूमि पर आधारित इस सीरियल की शूटिंग 6 दिसंबर 2023 को पुष्कर में शुरू हुई थी. अधिकतर शॉट अजमेर (Ajmer) और पुष्कर (Pushkar) में फिल्माए हैं. इस शो में पुष्कर सरोवर के घाट भी जगमगाते दिखाई देंगे. शो के मुख्य किरदारों की शादी भी पुष्कर के कोटा घाट पर विवाह मंडप बनाकर करवाई गई थी.

संस्कृति और आस्था का संगम
राजस्थानी संस्कृति से सराबाेर यह शो आस्था को भी प्रकट करता है. इस सीरियल की नायिका कलयुग अवतारी देव खाटूश्याम बाबा (Khatu Shyam Baba) के प्रति गहरी आस्था रखती है. एक सीन में बुलबुल खाटूश्यामजी से प्रार्थना करते हुए कह रही है कि आपको तो पता है मुझे बचपन से शादी का शौक है. मेरी शादी जल्दी करवा दीजि
ए. ©सुमित सारस्वत

 

यह भी पढ़ें- क्यों की खाटूश्यामजी की पदयात्रा ?
 

Sumit Saraswat available on :
Share:

Building collapsed near Ajmer Sharif Dargah: उर्स से पहले अजमेर दरगाह इलाके में ढही जर्जर इमारत, 400 साल पहले हुआ था निर्माण, जानें पूरा मामला


राजस्थान के अजमेर में स्थित विश्व विख्यात दरगाह शरीफ के निकट मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा घटित हो गया. यहां दोपहर करीब 3.30 बजे दरगाह के गेट नंबर 5 के सामने तीन मंजिला इमारत ढह गई. 8 जनवरी से ख्वाजा मोईनुद्दीन हसन चिश्ती का 812वां उर्स शुरू होने से ठीक पहले हुए इस हादसे ने प्रशासन के होश उड़ा दिए. अचानक हुए इस हादसे ने हड़कंप मचा दिया. इत्तला मिलते ही पूरा प्रशासनिक अमला बचाव टीम के साथ मौके पर पहुंचा. एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. बचाव कार्य के दौरान अजमेर रेंज आईजी लता मनोज कुमार, जिला कलेक्टर भारती दीक्षित, एसपी चूनाराम जाट मौके पर मौजूद रहे. हादसे में किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई है.

खादिम की थी पुरानी बिल्डिंग
घटना के वक्त मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद ने बताया कि यह अजमेर (Ajmer) का रिहायशी इलाका है. घटना के वक्त इमारत में कोई नहीं था. यह एक खादिम की पुरानी इमारत थी जो करीब 400 साल पहले अकबर के जमाने में बनी थी. बिल्डिंग ढहने पर मलबा गिरा तो आसपास खड़े लोग दौड़कर दूर चले गए. सब सुरक्षित हैं.


यह भी पढ़ें- भजनलाल सरकार की सौगात

विधानसभा अध्यक्ष ने कलेक्टर से ली जानकारी
हादसे के बाद विधानसभा अध्यक्ष व अजमेर उत्तर विधायक वासुदेव देवनानी (Vasudev Devnani) ने दिल्ली से ही अजमेर कलेक्टर भारती दीक्षित को कॉल कर घटना की जानकारी ली. अजमेर दक्षिण विधायक अनिता भदेल (Anita Bhadel) ने मीडिया से कहा कि बिल्डिंग ढहने की खबर दुखद है. जानकारी मिलने के तुरंत बाद एसडीएम और पुलिस अधिकारी से बात की. फिलहाल किसी जनहानि का समाचार नहीं मिला है. जर्जर इमारतों को हटवाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा करूंगी, ताकि दरगाह और यहां आने वाले जायरीनों की सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे.

स्टे के कारण नहीं गिरा सके बिल्डिंग

अजमेर जिला कलेक्टर भारती दीक्षित (IAS Bharti Dixit) ने मीडिया को बताया कि एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस समेत प्रशासन की पूरी टीम मौके पर पहुंची. किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है. जो बिल्डिंग गिरी है उसे प्रशासन ने जर्जर घोषित कर दी थी. कल सोमवार ही मैंने और प्रशासनिक टीम ने इसका मौका मुआयना किया था और इस बिल्डिंग को खाली करवा दिया था. इस बिल्डिंग पर कोर्ट का स्टे होने के कारण इसे गिरा नहीं पाए. 8 जनवरी से शुरू होने जा रहे उर्स के मध्य नजर दरगाह क्षेत्र के आसपास की अन्य जर्जर इमारतों का सर्वे करवाकर तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी तरह की अनहोनी घटना उर्स के दौरान नहीं हो.

आसपास की इमारतों को करवाया खाली
अजमेर रेंज आईजी लता मनोज कुमार (IG Lata Manoj Kumar) ने मीडिया को बताया कि जर्जर बिल्डिंग गिरने की सूचना पर कलेक्टर, एसपी समेत पूरा प्रशासनिक दल मौके पर पहुंचा. जो भी टीम और एजेंसी बचाव कार्य के लिए काम करती है वो सभी मौके पर मौजूद है. प्रयास कर रहे हैं कि किसी को कोई नुकसान नहीं हो. आसपास की कुछ बिल्डिंग जर्जर नजर आ रही है, उन्हें भी खाली करवा रहे हैं ताकि कोई और हादसा न हो. फिलहाल किसी तरह की जनहानि सामने नहीं आई है. मलबा हटवाकर देख रहे हैं कि कोई नीचे नहीं दबा हो. ©सुमित सारस्वत


यह भी पढ़ें- क्यों की 250 किलोमीटर पदयात्रा ?
 

Sumit Saraswat available on :
Share:

Featured Post

दास्तान-ए-आशिकी, जुबान-ए-इश्क | Famous Love Story

ग्लोबलाइजेशन के इस युग ने हमारी जेनरेशन को वैलेंटाइंस डे का तोहफा दिया है। यह दिन प्यार के नाम होता है। इतिहास के पन्ने पलटने पर आप पाएंगे...

Amazon Big Offer

Advt

Blog Archive

Copyright

इस ब्लॉग में दिये किसी भी लेख या उसके अंश और चित्र को बिना अनुमति के किसी भी अन्य वेबसाइट या समाचार-पत्र, पत्रिका में प्रकाशित नहीं किया जा सकता। अनुमति के लिये केवल मेल पर सम्पर्क करें: sumit.saraswat09@gmail.com

Pageviews

Labels

Blog Archive

Recent Posts

Unordered List

Theme Support