Thinker, Writer, Anchor

November 8, 2017

राजस्थान की गीतांजलि ने बढ़ाया भारत का गौरव, जीता मिस कल्चरल ग्लोब इंटरनेशनल खिताब

राजस्थान की गौरवशाली प्रतिभा एवं सुपर मॉडल गीतांजलि ने एक बार फिर राजस्थान ही नहीं पूरे भारत का गौरव बढ़ाया है। लेसोथो साउथ अफ्रीका में मंगलवार देर रात हुई मिस क्वीन ऑफ ग्लोब इंटरनेशनल 2017 ब्यूटी कॉन्टेस्ट में गीतांजलि ने बतौर मिस इंडिया भाग लिया तथा कड़े मुकाबले में दूसरे स्थान पर आकर 1st प्रिंसेस क्वीन ऑफ ग्लोब इंटरनेशनल 2017 का खिताब हासिल किया है। यह राजस्थान एवं भारत के लिए गर्व की बात है। कार्यक्रम में लेसोथो के राजा, प्रधानमंत्री और पर्यटन मंत्री बतौर अतिथि शामिल हुए।


मुंबई में मिस इंडिया क्वीन ऑफ़ क्वींस 2017 ब्यूटी कांटेस्ट जीतने के बाद गीतांजलि को इंटरनेशनल कॉन्टेस्ट में भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला। प्रतियोगिता में भारत समेत करीब 35 देशों की सुन्दरियों ने भाग लिया। इस ग्लोबल कांटेस्ट में सभी सुन्दरियों को टैलेंट, फिटनेस, कम्युनिकेशन स्किल्स, इंटेलीजेंस, रैंप वॉक, ट्रेडिशनल राउंड आदि में परखा गया। प्रतियोगिता में पहले स्थान पर लेसोथो, दूसरे स्थान पर भारत और तीसरे स्थान पर साउथ अफ्रीका ने जगह बनाई। गीतांजलि को मिस कल्चरल ग्लोब इंटरनेशनल 2017 का भी खिताब मिला।


गौरतलब है कि गीतांजलि 2016 में मिस राजस्थान रह चुकी हैं। फेमिना मिस इंडिया, मिस दिवा, मिस इंडिया यूनिवर्स, फेमिना स्टाइल दिवा जैसे कई ब्यूटी कांटेस्ट में भी राजस्थान को रिप्रेजेंट कर चुकी हैं। गीतांजली भारत लौटकर अपने शहर जयपुर पहुंचेगी।

Sumit Saraswat available on :

►Facebook

►Youtube
►Twitter
►Blog


Share:

November 7, 2017

मुख्यमंत्री राजे ने केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री से की मुलाकात

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने मंगलवार शाम को नई दिल्ली के शास्त्री भवन में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस तथा कौशल विकास मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान से मुलाकात की।


मुख्यमंत्री ने प्रधान से मुलाकात के दौरान बाड़मेर में रिफाइनरी की स्थापना पर चर्चा की। उन्होंने इस दौरान स्किल डवलपमेंट सेंटरों और स्किल इंडिया से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की स्किल इंडिया योजना में प्रदेश सरकार अच्छा काम कर रही है। स्किल इंडिया में राजस्थान अग्रणी राज्य है और हमारी कोशिश है कि इस रफ्तार को आगे भी बरकरार रखा जाए।
Share:

किसान राजस्थान विकास में पार्टनर : वसुंधरा राजे | CM Vasundhara Raje in GRAM Udaipur

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि किसान राजस्थान के विकास का पार्टनर है और जब तक किसान मजबूत नहीं होगा तब तक प्रदेश आगे नहीं बढ़ सकता। इसीलिए किसानों एवं पशुपालकों को समृद्ध और संपन्न बनाने के लक्ष्य को लेकर हमारी सरकार ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट के आयोजन कर रही है। ‘ग्राम-उदयपुर’ में शामिल होकर संभाग के किसान कृषि, एग्रो-प्रोसेसिंग, पशुपालन, मत्स्य पालन, जैविक कृषि एवं डेयरी के क्षेत्र में नवाचार और तकनीक को सीखकर तरक्की का नया अध्याय लिखेंगे।
राजे मंगलवार को उदयपुर के सीटीएई कॉलेज ग्राउंड में प्रदेश के तीसरे ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने झालावाड़ जिले के ग्राम सरेड़ी निवासी प्रभुलाल साहू व अन्य किसानों का उदाहरण देते हुए कहा कि ग्राम का आयोजन प्रदेश के किसानों की आय बढ़ाकर उनकी जिंदगी बदल रहा है। कार्यक्रम में फिक्की के सेक्रेटरी जनरल डॉ. संजय बारू, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री किरण माहेश्वरी, सहकारिता एवं गोपालन मंत्री अजय सिंह किलक, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री बाबूलाल वर्मा, राजस्व मंत्री अमराराम, गोपालन राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज राज्य मंत्री धनसिंह रावत, पीएचईडी एवं भू-जल राज्य मंत्री सुशील कटारा, सांसद मानशंकर निनामा, अर्जुन लाल मीणा, संसदीय सचिव भीमा भाई, राजस्थान राज्य बीज निगम के चेयरमैन शम्भूसिंह खेतासर, राजस्थान पशुधन विकास बोर्ड के चेयरमैन जगमोहन सिंह बघेल, राजस्थान पशुपालक कल्याण बोर्ड के चेयरमैन गोवर्धन राइका सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, अंतर्राष्ट्रीय अतिथि, उद्योगपति, औद्योगिक प्रतिनिधि एवं उदयपुर संभाग से बड़ी संख्या में आए किसान एवं पशुपालक उपस्थित थे।

जनजाति क्षेत्रों में कृषि कुओं का निर्माण
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजाति क्षेत्र में हमारी सरकार ने मनरेगा योजना में 15 हजार कृषि कुओं की स्वीकृति जारी की है। इनमें से 2 हजार कृषि कुओं का निर्माण पूरा हो चुका है। साढे 11 हजार कुओं का निर्माण कार्य प्रगति पर है, बाकी कार्य प्रक्रियाधीन है। इसके अलावा जनजाति क्षेत्र में हमारी सरकार ने सर्वे कर 15 हजार अपूर्ण कृषि कुएं चिन्हित किए थे। इन सभी 15 हजार कुओं को हमारी सरकार पूर्ण करवाएगी। इसकी स्वीकृतियां चरणबद्ध रूप से जारी की जा रही है।


26 वन उपज ट्रांजिट परमिट से मुक्त
सीएम ने कहा कि जनजातीय समुदाय की मांग को देखते हुए हमने तेंदू फल, रतनजोत बीज, पुआड, आंवला फल, महुआ, महुआ बीज सहित 26 वन उपजों को ट्रांजिट परमिट से मुक्त कराया है। पहली बार प्रदेश में चार फसलों मूंग, उड़द, मूंगफली और सोयाबीन की समर्थन मूल्य पर एक साथ खरीद की जा रही है। किसानों की सुविधा के लिए इस बार प्रदेश में 52 खरीद केंद्र बढ़ाए गए हैं।


75 हजार करोड़ के ब्याज मुक्त फसली ऋण का रिकॉर्ड
राजे ने कहा कि हमारी सरकार ने किसानों को पिछले साढे़ तीन वर्षाें में करीब 57 हजार करोड़ रुपए का ब्याज मुक्त फसली ऋण दिया है। पांच वर्ष में हम 75 हजार करोड़ रुपए का ब्याज मुक्त फसली ऋण देकर देश में एक नया रिकॉर्ड बनाएंगे, जबकि पिछली सरकार ने 5 वर्षों में सिर्फ 25 हजार करोड़ रुपए का ही ब्याज मुक्त फसली ऋण दिया। हमारी सरकार ने साढ़े तीन वर्षों में 1 हजार 654 करोड़ रुपए का मध्यकालीन ऋण भी दिया।


किसानों को मिलेगा साढे़ 5% ब्याज दर पर ऋण
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के हितों को ध्यान रखते हुए हम भूमि विकास बैंकों और जिला सहकारी बैंकों की ब्याज दर लगातार घटा रहे हैं। पिछली सरकार में भूमि विकास बैंकों से किसानों को जो ऋण 12% या उससे अधिक ब्याज दर पर मिलता था, उसे घटाकर हमने 7% किया और वर्तमान में तो हम 6.7% ब्याज दर पर ही किसानों को ऋण उपलब्ध करवा रहे हैं। ब्याज दर को घटाकर अब साढे़ 5% तक कर दिया जाएगा।


किसानों की व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा का लाभ 12 गुना बढ़ाया
राजे ने कहा कि ऋणी किसानों का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा योजना के तहत बीमा लाभ हमारी सरकार ने 50 हजार से बढ़ाकर 6 लाख रुपए कर दिया है। अगले वित्तीय वर्ष में इसे 10 लाख रुपए किया जाएगा। इस वर्ष करीब 25 लाख किसानों को इस बीमा योजना से जोड़ा जाएगा। 55 रुपए वार्षिक किस्त वाली इस बीमा योजना में किसान से केवल साढे़ 27 रुपए ही लिए जाते हैं, बाकी की आधी राशि सहकारी बैंकों द्वारा जमा कराई जाती है। पंजाब में 120 रुपए की पूरी वार्षिक किस्त किसानों को ही देनी होती है और इसमें 5 लाख रु तक का ही बीमा हो रहा है। उन्होंने कहा कि कृषक साथी सहायता योजना में पहले दी जाने वाली एक लाख रुपए की सहायता को बढ़ाकर 2 लाख रुपए कर दिया है। खेती करते समय दुर्घटनाग्रस्त होने या मृत्यु होने पर किसान और खेतीहर मजदूर को अब तक 125 करोड़ रुपए की सहायता प्रदान की है। प्रदेश में डेयरी उद्योग को नई ऊंचाईयां प्रदान करने एवं मिल्क यूनियनों को सशक्त बनाने के लिए राज्य में 100 करोड़ रुपए का फण्ड बनाया जा रहा है। इस फण्ड से 9 लाख दुग्ध उत्पादकों को सीधा लाभ मिलेगा।


छोटे किसानों के लिए कृषि उपकरण वितरण केंद्र
सीएम ने कहा कि प्रदेश के लघु एवं लघु सीमान्त कृषकों को अच्छे कृषि उपकरण उपलब्ध कराने के लिए कस्टम हायरिंग सेंटर योजना शुरू की गई है। इसके लिए ट्रेक्टर और कृषि उपकरण निर्माता कंपनियों के साथ एमओयू किया गया है। ये कंपनियां तीन वर्षों में राज्य में 2 हजार 652 कस्टम हायरिंग सेन्टर स्थापित करेंगी। इनमें से इस वर्ष 750 सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं।


एग्री-टूरिज्म के क्षेत्र में अपार सम्भावनाएं
राजे ने कहा कि राज्य में एग्री-टूरिज्म के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। राज्य के किसान इसका लाभ उठाएं। किसान परंपरागत खेती के साथ-साथ औषधीय फसलों की खेती को भी अपनाएं। ग्राम-उदयपुर में हॉर्टिकल्चर, बायोगैस, एग्रोप्रोसेसिंग सहित विभिन्न क्षेत्र में होने वाले एमओयू का लाभ यहां के किसानों को मिलेगा। सीम ने कार्यक्रम में वियतनाम, अर्जेन्टीना, जर्मनी, ब्राजील, स्पेन, उज्बेकिस्तान और रूस से आए विदेशी मेहमानों का आभार जताया।

Share:

November 3, 2017

व्हाट्सएप पर भेजे मैसेज कर सकेंगे डिलीट, ऐसे करें उपयोग | Whatsapp Recall Message

व्हाट्सएप यूज करते वक्त कई बार कोई ऐसा मैसेज सेंड हो जाता था जिसे भेजने के बाद शर्मिंदी या गलती का अहसास होता था।
अब व्हाट्सएप लेकर आया है एक नया फीचर जिससे आप भेजे गए अनचाहे मैसेज को डिलीट कर सकेंगे। इसके लिए तीन ऑप्शन दिए गए हैं। व्हाट्सएप में अब तक का सबसे चर्चित फीचर रिकॉल मैसेज अब सभी एंड्रॉयड विंडोज और आईओएस यूजर्स के लिए उपलब्ध करवा दिया गया है। इसके लिए यूजर्स को अपना व्हाट्सएप अपडेट करना होगा । मोबाइल यूजर्स के अलावा यह फीचर डेस्कटॉप यूजर्स को भी आज से ही मिलेगा। व्हाट्सएप ने अपनी पोस्ट के जरिए इस खबर की पुष्टि की है।


ऐसे करें नए फीचर का इस्तेमाल
व्हाट्सएप का यह नया फीचर यूज करने के लिए यूजर्स को अब डिलीट आइकॉन के अंतर्गत तीन विकल्प मिलेंगे। इसके अंतर्गत यूजर्स को डिलीट फॉर मी, कैंसल और डिलीट फॉर एवरिवन के विकल्प मिलेंगे। मैसेज को अपने और रिसीवर दोनों के चैट बॉक्स से डिलीट करने के लिए आपको डिलीट फॉर एवरिवन विकल्प का इस्तेमाल करना होगा। वहीं, डिलीट फॉर मी विकल्प के तहत मैसेज सिर्फ सेन्डर के चैट बॉक्स से डिलीट होगा।


आईओएस यूजर्स के लिए कैसे करेगा काम?
आईफोन यूजर्स कॉन्टैक्ट को मैसेज सेंड करने के बाद स्क्रीन के बाईं ओर डिलीट पर क्लिक करें। डिलीट पर क्लिक करने के बाद आईफोन यूजर्स को भी एंड्रॉयड यूजर्स की तरह तीन विकल्प नजर आएंगे। यह फीचर विंडोज फोन और डेस्कटॉप पर भी समान रूप से कार्य करता है। यह जान लेना भी जरुरी है की इस फीचर को ठीक से कार्य करने के लिए सेन्डर और रिसीवर दोनों के फोन में व्हाट्सएप अपडेट होना चाहिए।

इस बच्चे की नॉलेज सुन रह जाएंगे दंग

लाइव लोकेशन ट्रेकिंग भी उपलब्ध
हाल ही कंपनी ने लाइव लोकेशन फीचर भी उपलब्ध कराया है। यूजर्स इसके जरिए अपनी लाइव लोकेशन को 15 मिनट, 1 घंटे या 8 घंटे के लिए शेयर कर पाएंगे। जितना समय आप सेलेक्ट करेंगे उतने समय तक आपके दोस्त या परिजन के पास आपकी लाइव लोकेशन की जानकारी पहुंचती रहेगी। अगर आप इसके बाद भी लोकेशन शेयर करना चाहते हैं तो कर सकते हैं।


जानें कैसे करें नए फीचर का इस्तेमाल
यूजर्स को गूगल प्ले स्टोर में जाकर व्हाट्सएप अपडेट करना होगा। इसके बाद व्हाट्सएप ओपन करें। यहां आपको व्हाट्सएप चैट में Attach आइकन पर क्लिक करना होगा। यहां लोकेशन शेयर करते हुए आपसे समय सीमा पूछी जाएगी। आप अपने मुताबिक 15 मिनट, 1 घंटा और 8 घंटे में से चुनाव कर सकते हैं।
Share:

श्री सीमेंट हादसे की जांच कौन करवाएगा 'सरकार' !

उत्तर प्रदेश के रायबरेली में एनटीपीसी थर्मल प्लांट हादसा देश की सुर्खियों में आ गया मगर इसके चंद घंटों बाद राजस्थान के ब्यावर में श्री सीमेंट प्लांट में हुआ बड़ा हादसा चर्चा में नहीं आ पाया। इसके पीछे क्या वजह रही यह तो जिम्मेदार ही जाने लेकिन प्लांट को खून-पसीने से सींचने वाले श्रमिकों के जानलेवा कारखाने की निष्पक्ष जांच अवश्य होनी चाहिए।
एनटीपीसी थर्मल प्लांट हादसे के बाद रायबरेली पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने इस हादसे की न्यायिक जांच की मांग की है। नेशनल ह्यूमन राइट कमीशन ने यूपी सरकार से इस हादसे को लेकर 6 हफ्ते के भीतर रिपोर्ट मांगी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर चिंता जताई। मगर हैरत है कि श्री सीमेंट प्लांट हादसे पर किसी भी जिम्मेदार का बयान नहीं आया। यहां बॉयलर से स्टीम लीक होने की घटना सामने आई है। हादसे में चार श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर एक दर्जन से अधिक श्रमिक कार्य कर रहे थे। गनीमत रही कि वह समय रहते बच निकले।

पढ़ें : जिन्हें पीएम मोदी ने प्रणाम किया उन प्रताप की बेकद्री !

जानकारी के मुताबिक श्री सीमेंट कारखाने में दो से अधिक बॉयलर आपस में जुड़े हुए हैं। एक बॉयलर के कनेक्शन की ट्यूब पुरानी हो गई थी। झुलसने वाले चारों श्रमिक इसी बॉयलर के अंदर ट्यूब की मरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान 200 डिग्री से अधिक भाप प्रवाहित हुई और श्रमिक शिकार बन गए। विशेषज्ञों के मुताबिक बॉयलर का तापमान करीब 400 डिग्री सेल्सियस होता है। इस तापमान पर मानव शरीर की हड्डियां तक राख बन जाती है। ज्ञात रहे कि बॉयलर फटने के कारण रायबरेली में 30 से अधिक मजदूरों की मौत हो गई है।


जिम्मेदारों से जवाब मांगते गंभीर सवाल
सुरक्षा मानकों के कई अवार्ड बटोरने वाली इस कंपनी में हुए हादसे के बाद सवाल उठ रहे हैं-
  1. जब बॉयलर ट्यूब पुरानी हो गई थी तो समय रहते क्यों नहीं बदला गया ?
  2. इस गंभीर हादसे के पीछे किसका हाथ ?
  3. आखिर श्रमिकों की जान से खिलवाड़ क्यों ?
  4. हादसे के बाद जिम्मेदारों की आंखें बंद क्यों ?
  5. इस घटना पर मानवाधिकार आयोग मौन क्यों ?
  6. क्या शासन-प्रशासन कर रहा है मौतों का इंतजार ?
  7. आखिर क्यों कंपनी के दोषियों के खिलाफ कार्यवाही नहीं होती ?
  8. कंपनी को किस आधार पर मिल जाते हैं अवार्ड ?
Share:

कृष्ण की भूमि पर दुर्लभ रामकथा करेंगे मोरारी बापू, 9 दिन 9 कथास्थल

ब्रज की रज-रज में विराजित गिरिराज-गिरधारी भगवान श्रीनाथ की दिव्य लीला भूमि ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा के 9 परम पावन परिक्रमा तीर्थ पर पहली बार संत मोरारी बापू के श्रीमुख से पावन रामकथा का आयोजन होगा। उत्तर प्रदेश के ब्रज चौरासी में होने वाली 'मानस परिक्रमा' कथा अदभुत और अलौकिक होगी। यह कथा बापू की अब तक हुई आठ सौ कथाओं से अलग और खास होगी।
इतिहास में पहली बार ऐसा होगा जब किसी नौ दिवसीय कथा के लिए नौ स्थानों पर अलग-अलग नौ कथा पांडाल बनाए जाएंगे। 84 कोस यात्रा के लिए प्रत्येक सवा 9 कोस बाद एक कथा पांडाल बनेगा। हर कथा पांडाल नए और अलग रूप में दिखेगा। व्यासपीठ के पीछे मंच पर लगा चित्र भी उसी क्षेत्र से संबंधित होगा जहां कथा हो रही है। शिवलिंग के साथ विराजे हनुमान हर मंच पर होंगे। कृष्ण की भूमि पर इस दुर्लभ राम कथा को लेकर बापू से जुड़े भक्तों में काफी उत्साह है। संत समाज व वैष्णव संप्रदाय से जुड़े हरिभक्तों में भी कथा को लेकर चर्चाएं हो रही है। बापू के लिए भी यह नवीन अनुभव होगा। यह कथा प्रतिदिन प्रात: 10 बजे प्रारंभ होगी। आस्था टीवी पर कथा का सीधा प्रसारण होगा। कथा कवरेज www.sumitsaraswat.com वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगा। -सुमित सारस्वत, मो.9462737273


प्रभु के इन पावन प्रांगण पर होगी मानस परिक्रमा
मानस परिक्रमा कथा 11 नवंबर को गोवर्धन से आरंभ होगी। इसके पश्चात 12 को कामवन, 13 को बरसाना, 14 को वृंदावन, 15 को अक्रूर घाट, 16 को मानसरोवर, 17 को रमणरेती (गोकुल), 18 को मथुरा व 19 को गोवर्धन में कथा का विश्राम होगा।


काशी में नौका और अब बस में रहेंगे बापू
मोक्ष नगरी काशी में नौ दिन गंगा जल के ऊपर बनाई गई 'कैलाश' रूपी नौका में रहने के बाद अब वृंदावन में बापू बस में रहेंगे। नौ दिवसीय प्रवास के दौरान बापू का निवास अत्याधुनिक बस रहेगा। इस विशेष फोल्डिंग बस के कई हिस्से अलग हो सकेंगे। बस में बापू का शयन कक्ष, अतिथि कक्ष, आराधना कक्ष, यज्ञ कक्ष आदि की व्यवस्था रहेगी। घर जैसी दिखने वाली बस में यज्ञ का धुआं न फैले इसके लिए सकिंग मशीन भी लगाई जा रही है।



आवास-भोजन की रहेगी व्यवस्था
नौ दिवसीय कथा के दौरान देशभर से कथा श्रवण करने आने वाले भक्तों के लिए आवास व भोजन की व्यवस्था निःशुल्क रहेगी। सभी भक्तों को वृंदावन में ठहराया जाएगा। यहां से प्रतिदिन सुबह बस के माध्यम से श्रोताओं को कथास्थल ले जाया जाएगा। आवागमन के लिए बस की व्यवस्था भी आयोजक श्री रामकथा प्रेमयज्ञ समिति की ओर से निःशुल्क होगी। कथा संबंधी अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 05656-453299, 7234007005 पर संपर्क किया जा सकता है।


Sumit Saraswat available on :


Share:

November 2, 2017

ब्यावर में भी अन्नपूर्णा रसोई का शुभारंभ, विधायक ने दिया सामाजिक समरसता संदेश

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे द्वारा गरीबों और जरूरतमंदों को सस्ता भोजन उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में शुरू की गई अन्नपूर्णा रसोई योजना का लाभ अब ब्यावर शहर की जनता को भी मिलेगा। यहां गुरुवार को नगर परिषद में विधायक शंकर सिंह रावत व सभापति बबीता चौहान ने इसकी शुरुआत की। योजना का श्रीगणेश होने पर सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए विधायक ने वाल्मिकी समाज से पार्षद रविंद्र जॉय एवं सभापति ने साधना सारस्वत के हाथों से निवाला खाकर सभी के साथ भोजन चखा। इसके बाद 5 स्मार्ट मोबाइल वैनों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न स्थानों के लिए रवाना किया।




कार्यक्रम में विधायक रावत ने कहा कि मुख्यमंत्रीजी को प्रदेश के गरीब और मेहनतकश आम आदमी की चिंता है, इसलिए आठ रुपए में भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अन्नपूर्णा रसोई का भोजन न केवल स्वादिष्ट बल्कि शुद्ध भी है।  स्मार्ट मोबाइल वैनों के माध्यम से मात्र 5 रुपए में नाश्ता तथा मात्र 8 रुपए में दोपहर व रात्रि का भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी जरूरतमंदों को पौष्टिक एवं सस्ता भोजन उपलब्ध कराने की यह पहली और अनूठी योजना है।


ब्यावर में अन्नपूर्णा रसोई वैन की शुरुआत पर सभापति चौहान ने कहा कि अगर हम किसी को भूखे पेट सोने नहीं देना चाहते तो यह सबसे बड़ा पुण्य है। इस योजना से अब कोई गरीब भूखा नहीं रहेगा। उन्होंने बताया कि इस खास रसोई में अधिकतर काम मशीनों के सहयोग से किया जाता है ताकि भोजन की शुद्धता एवं गुणवत्ता बेहतर बनी रहे। विधायक व सभापति ने सभी व्यवस्थाओं को भी देखा, जिसमें अन्नपूर्णा वैन में लगे जीपीएस सिस्टम और अन्य तकनीक शामिल है। उन्होंने रसोई की निर्धारित प्रक्रिया के तहत कूपन लेकर भोजन किया।

योजना के शुभारंभ मौके पर आयुक्त दिनेश राय सापेला, भाजपा मंडल अध्यक्ष जयकिशन बल्दुआ व दिनेश कटारिया, उपसभापति सुनील मूंदड़ा, पार्षद मोतीसिंह सांखला, नरेश कनौजिया, अंगदराम अजमेरा, ईश्वर तंवर, लेखराज कंवरिया, मनोज बाबेल, रविंद्र जॉय, प्रकाश परिहार, मंगत सिंह, कैलाश गहलोत, देवेंद्र सेन, हरजी सिंह रावत, नरेंद्र चौहान, साधना सारस्वत, विष्णु शर्मा, रिखबचंद खटोड़, भरत शर्मा, अमरचंद सांखला, सुनील पालड़ेचा, सुमित जूलियस, अशोक रावत सहित कई जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग उपस्थित हुए। -सुमित सारस्वत, मो.09462737273


Sumit Saraswat available on :

►Facebook

►Youtube
►Twitter
►Blog

कमेंट बॉक्स में अपनी प्रतिक्रिया अवश्य दें..
Share:

Featured Post

दास्तान-ए-आशिकी, जुबान-ए-इश्क | Famous Love Story

ग्लोबलाइजेशन के इस युग ने हमारी जेनरेशन को वैलेंटाइंस डे का तोहफा दिया है। यह दिन प्यार के नाम होता है। इतिहास के पन्ने पलटने पर आप पाएंगे...

Amazon Big Offer

Advt

Blog Archive

Copyright

इस ब्लॉग में दिये किसी भी लेख या उसके अंश और चित्र को बिना अनुमति के किसी भी अन्य वेबसाइट या समाचार-पत्र, पत्रिका में प्रकाशित नहीं किया जा सकता। अनुमति के लिये केवल मेल पर सम्पर्क करें: sumit.saraswat09@gmail.com

Pageviews

Labels

Blog Archive

Recent Posts

Unordered List

Theme Support