Thinker, Writer, Anchor

November 22, 2018

राहुल गांधी 26 को आएंगे अजमेर, दरगाह व ब्रह्मा मंदिर में देंगे कौमी एकता संदेश

राजस्थान में हो रहे विधानसभा चुनाव के बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी आगामी 26 नवंबर को अजमेर आएंगे। वे यहां ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह पर मखमली चादर चढ़ाकर कांग्रेस के जीत की दुआ करेंगे। वे पुष्कर में स्थित दुनिया के एकमात्र जगतपिता ब्रह्मा मंदिर में भी दर्शन करेंगे।

राहुल गांधी अजमेर दौरे के दौरान देश में कौमी एकता का संदेश देने की कोशिश करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष के दौरे को लेकर लेकर स्थानीय नेताओं ने तैयारियां शुरू कर दी है। युवा नेता राहुल गांधी के आगमन से अजमेर और पुष्कर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश जागा है। माना जा रहा है कि इस दौरे से अजमेर जिले की आठ विधानसभा सीटों पर असर पड़ सकता है।

Sumit Saraswat available on :
Share:

November 11, 2018

पहली बार बहू ने सास की अर्थी को दिया कंधा | Emotional Story of Relationship

  • पोतियों ने दादी की चिता को दी मुखाग्नि
  • समाज में कायम की नई मिसाल

पुरातन काल से चली आ रही सामाजिक रूढ़ियों और मिथक को तोड़ते हुए अपनी सास की आखिरी ख्वाहिश को पूरा करने के लिए राजस्थान के ब्यावर की एक बहू ने सास की अर्थी को कंधा देकर समाज के लिए नई मिसाल पेश की। मुक्तिधाम में दो पोतियों ने दादी की चिता को मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्में निभाई। संभवत: यह देश का पहला उदाहरण है जब मुक्तिधाम में महिलाओं ने महिला का पूर्ण अंतिम संस्कार किया है।


जानकारी के मुताबिक ब्यावर में रहने वाली राजपूत समाज की 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला नीलम भाटी का शनिवार देर रात निधन हो गया। परिवार में कोई पुरुष नहीं होने पर बहू यल्पना ने सास की अर्थी को कंधा दिया। मां को देखकर प्रांजल व प्रियांशी ने भी अपनी दादी के अंतिम संस्कार की रस्में निभाई। पोतियों ने दादी की अर्थी को कंधा और मुक्तिधाम में चिता को मुखाग्नि भी दी। सास को कंधा देने वाली बहू यल्पना भाटी का कहना है कि मेरी सास ने मुझे बेटी की तरह रखा। मैंने अपनी मां समान सास की अंतिम इच्छा का सम्मान किया है।


दरअसल विवाह के कुछ समय बाद ही नीलम के पति भैरूसिंह भाटी का निधन हो गया था। इकलौते पुत्र गजेंद्र सिंह भी 15 साल पहले चल बसे। ऐसे में सास-बहू अपनी दो बेटी-पोतियों के साथ रहती थी। मां-बेटियों के इस कदम ने समाज में सास-बहू के रिश्ते की नई मिसाल कायम की है। -सुमित सारस्वत, सामाजिक चिंतक, मो.09462737273

Sumit Saraswat available on :
Share:

संघ के जिला प्रचारक पर जानलेवा हमला, एक साधु की मौत | Attack on RSS Pracharak

सिरोही के आरएसएस कार्यालय में रविवार रात हुए झगड़े में जिला प्रचारक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। कार्यालय में एक साधु का शव भी मिला है। पुलिस के मुताबिक साधु वेशधारी मृतक के हाथ में चाकू होने और कार्यालय में मिले प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर ये मामला प्रथम दृष्टया मृतक और जिला प्रचारक के बीच हुए झगड़े की परिणीति माना जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक जय यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह प्रकरण जिला प्रचारक और साधु के बीच झगड़ा होना प्रतीत हो रहा है। इसमें जिला प्रचारक को गंभीर चोट आई है। साधु मृत पाया गया। साधु के हाथ में चाकू है। उन्होंने बताया कि साधु उत्तर प्रदेश का बताया जा रहा है।

सम्पूर्ण घटनाक्रम कुछ इस तरह रहा कि आज शाम पुलिस को आरएसएस के जिला प्रचारक उत्तम गिरी पर हमला होने की इत्तला मिली। घायल प्रचारक को लहूलुहान हालत में जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर यहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया। जिला प्रचारक के शरीर में घावों को देखने के बाद पुलिस संघ कार्यालय पहुंची तो वहां कमरे में एक साधु का शव पड़ा था और हाथ में चाकू था।

साधु का नाम अवधेशानंद बताया जा रहा है। प्रथम दृष्टया ये प्रतीत हो रहा था कि साधु संघ कार्यालय में आया था। इसका जिला प्रचारक से झगड़ा हुआ और उस दौरान ये पूरा हादसा घटित हुआ। घटना की गंभीरता को देखते हुए शांति नगर स्थित संघ कार्यालय में पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया गया है। जिला प्रचारक के घायल होने की सूचना पर शहर में पुलिस और प्रशासन दोनों ही अलर्ट हो गए हैं। पुलिस अधीक्षक भी सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच गए। एहतियातन मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

जिला प्रचारक को रेफर करने के बाद घटनास्थल पर संघ के विभाग प्रचारक बाबूलाल और कैलाश जोशी मौके पर पहुंचे। मौके पर ही मौजूद पुलिस अधीक्षक जय यादव ने इनसे संपूर्ण घटनाक्रम पर बात की। इस दौरान यह भी सामने आया कि साधु बाड़मेर में रहते थे और संभवत: वहीं जिला प्रचारक और साधु की मुलाकात हुई होगी। जिला प्रचारक फलौदी से तीन महीने पूर्व ही यहां आए थे। पुलिस अधीक्षक ने चर्चा के बाद इस मामले की पूरी जानकारी और शिनाख्त शीघ्र करने का आश्वासन दिया है।
Share:

October 31, 2018

हम बाजार में या हम में बाजार ? | Market


फैशन के इस दौर में इतने तरह के पहनावे इजाद हो गए हैं कि हम बाजार के लिए एक प्रयोगशाला बनकर रह गए हैं। कपड़े अब सिर्फ पहनावा भर नहीं हैं बल्कि देह को सजाने का सबसे जरूरी माध्यम बन गए हैं। इस बाजार युग में बाजार कुछ भी बेच रहा है, हम कुछ भी खरीद रहे हैं। जब तक दुकानों तक जाने की जहमत थी तब तक तो कुछ गनीमत थी कि हम बाजार में थे पर जब से ऑनलाइन बाजार ने दस्तक दी है बाजार हममें आ गया है। दिन रात हम कुछ न कुछ खरीदने की सोचते हैं और बेतहाशा खरीद भी रहे हैं।
पहले खरीददारी अपनी जरूरतों को ध्यान में रखकर होती थी। अब बाजार तय करता है कि हम क्या पहनें, क्या खाएं, कहां जाएं? इसके लिए उसे 'पहले आओ पहले पाओ' या फिर कुछ डिस्काउंट का लालच भर देना होता है। कुछ ऑनलाइन दुकानें तो रात में खुलती हैं। जब सबके सोने का टाइम होता है। यह वक्त कुछ लोगों के लिए कुछ भी खरीद लेने का सुनहरा अवसर होता है। बाजार ने कुछ भी खरीद लेने की एक ऐसी बीमारी हमारे भीतर पैदा कर दी है जिसका इलाज खोज पाना फिलहाल मुश्किल है।
कई बार डिस्काउंट के चक्कर में ऐसी चीजें भी खरीद रहे हैं जो हमारे काम की है ही नहीं। धीरे धीरे हमारे घर बेकार चीजों के गोदाम बनते जा रहे हैं।
प्राय: सभी युगों में बाजार की अपनी भूमिका रही है। पहले लोग अपनी आवश्यकताएं उपलब्ध अपनी वस्तुओं को किसी अन्य को देकर उससे अपनी जरूरत का सामान लेकर पूरी किया करते थे। फिर मुद्राओं का चलन शुरू हुआ। मुद्रा देकर अपनी जरूरतें पूरी करने लगे। और आज ऑनलाइन शॉपिंग इसका अत्याधुनिक रूप है।

अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए व्यक्ति हर युग में बाजार पर निर्भर रहा है। पर आज का बाजार युग शायद पहले से भिन्न है। हम बाजार पर सिर्फ अपनी आवश्यकताएं पूरी करने तक सीमित नहीं हैं बल्कि बाजार तय करने लगा है कि हम क्या खरीदें, क्या ना खरीदें। एक प्रकार से बाजार ने हमें मानसिक रूप से गुलाम बना दिया है। ज्यादा से ज्यादा उत्पादन और ज्यादा से ज्यादा खपत आज के डवलपमेंट का मूल मंत्र बन गया है।
यह आज के बाजार की माया ही है कि अब वही तय कर रहा है हमें कैसे रहना चाहिए। डिस्काउंट, ऑफर और घर तक फ्री डिलेवरी ने हमारी आदत और खराब कर दी है। धीरे धीरे घर में कुछ अच्छा और स्वादिष्ट खाने-बनाने का चलन खत्म हो गया है। मेहमाननवाजी खत्म होती जा रही है। बाजार कहता है कि आप तो रोज घर का फालतू खाना खाते हैं आज हमारे रेस्टोरेंट में आइये, मेहमानों को भी लाइये स्वादिष्ट खाना सिर्फ यहां मिलता है। वक्त निकालकर अब हम स्वादिष्ट खाने वहीं जाते हैं जहां बाजार हमें बुलाता है। मेहमानवाजी का भी यही एक रास्ता बचा है कि जो मेहमान आएं उन्हें भी रेस्टोरेंट ले चलो। यह एक प्रकार का स्टेटस सिम्बल भी बन गया है कि अगर आप फैमिली के साथ होटल, रेस्टोरेंट, मॉल में ना जाएं तो आप पिछड़े हैं। और इस पिछड़ेपन के दाग से बचने के लिए होटल, रेस्टोरेंट, मॉल में दिनों दिन भीड़ बढ़ती जा रही है। -डॉ.कंवलजीत कौर, लेखिका
 

लेखिका परिचय
डॉ. कंवलजीत कौर दिल्ली यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर और लेखिका हैं। इन्होंने बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय से पीएचडी की है। सामाजिक विषयों पर लेख लिखती हैं।

Share:

October 24, 2018

विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की नई कार्यकारिणी | Congress Committee

राजस्थान विधानसभा चुनाव से पहले ब्यावर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी घोषित की गई है। अध्यक्ष अजय शर्मा ने अपनी कार्यकारिणी में हर वर्ग को शामिल कर दायित्त्व सौंपे हैं। कार्यकारिणी में 12 उपाध्यक्ष, 12 महासचिव, 12 सचिव, 12 सह सचिव, 12 स्थाई आमंत्रित सदस्य शामिल किए गए हैं। इनमें 2 पूर्व विधायक व 5 सभापति भी शामिल है।

कार्यकारिणी में राजेश शर्मा, गोपालकृष्ण डाणी, रामेश्वर मेवाड़ा, प्रकाशचंद सांखला, कमला तुनगरिया, मोहम्मद हारून छीपा, सतीश जाग्रत, सरस्वती शर्मा, जयनारायण साहू, अजय मूंदड़ा, लालचंद दगदी और सुनील कुमार लॉयल को उपाध्यक्ष, घनश्याम वर्मा को महामंत्री, दलपतराज मेवाड़ा को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है।



अनिल शर्मा, नंदकिशोर डाबला, प्रीतमसिंह छाबड़ा, अश्विनी प्रजापति, बालकिशन गोठवाल, प्रवीण बड़ौला, विमला जूनवाल, भानूप्रताप सिंह, संजय चौहान, दिलीप सोलीवाल, सुनील कांठेड़, धर्मराज जांगिड़ को महासचिव, गायत्री जेसवानी, राजेंद्र एन अग्रवाल, ध्यानचंद भारती, धर्मेंद्र बारिया, रितेश बाबेल, सुनील चौहान, शंभू यादव, नेमीचंद राठौड़, अरविंद शर्मा, अनिल दाधीच, नरेश कुमार प्रजापत, मोहम्मद रफीक को सचिव, संदीप बंजारा, नीरज घावरी, मुकेश सेन, संजय भाटी, जगदीश प्रजापत, अशोक जांगिड़, मोहम्मद रमजान मंसूरी, हीरासिंह कड़ीवाल, जगदीश सिंह राठौड़, लालीदेवी, बीना रांका, मोमादेवी पोपावत को सह सचिव और जितेंद्र सिंह राजावत व रवि डंडायत को प्रवक्ता बनाया है।

डॉ. केसी चौधरी, माणक डाणी, शांतिलाल डाणी, डॉ. एससी जैन, पारसमल जैन पंच, चंद्रकांता मिश्रा, मनोज चौहान, तारा झंवर, शांति डाबला, मुकेश सोलंकी, पार्वती जाग्रत, डॉ. मुकेश मौर्य को बतौर स्थाई आमंत्रित सदस्य शामिल किया है।

Share:

October 18, 2018

आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन, आप प्रत्याशी को थमाया नोटिस

ब्यावर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी एसडीएम सुरेश चौधरी ने आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने के मामले में तीन लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में संबंधित व्यक्तियों से दो दिन के भीतर जवाब मांगा है। कारण स्पष्ट नहीं करने पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की समक्ष धाराओं में नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

एसडीएम ने इस संदर्भ में देवेन्द्रसिंह चौहान को एक नोटिस जारी करते हुए बताया कि प्रदेश में विधानसभा चुनावों की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। इसके बाद भी उनकी ओर से ब्यावर शहर के मुख्य मार्गों पर चौराहों पर पोस्टर-होर्डिंग्स लगाए जाकर चुनाव प्रचार किया जा रहा है जबकि इस बाबत रिटर्निंग अधिकारी अथवा किसी सक्षम अधिकारी से इसकी अनुमति नहीं ली गई है। उक्त कृत्य आदर्श आचार संहिता का स्पष्ट उल्लंघन की श्रेणी में आता है। इसी महेन्द्र मारोठिया को भी एक नोटिस जारी कर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने का दोषी बताया है। मारोठिया को सोशियल मीडिया वाट्सएप ग्रुप में चुनाव प्रचार करने तथा आम आदमी पार्टी के ब्यावर विधानसभा प्रत्याशी मनजीतसिंह हुडा को मोबाइल पर आप को वोट देने की अपील के एसएमएस डालने के मामले में आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने का दोषी बताया है। एसडीएम चौधरी ने तीनों को दो दिन के भीतर कारण स्पष्ट करने के निर्देश दिए हैं। अगर निश्चित समयावधि में कारण स्पष्ट नहीं किया गया तो लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की समक्ष धाराओं में नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
Share:

October 17, 2018

प्यारा सजा है दरबार भवानी.. | Jwalamukhi Mata Bhajan Sandhya

  • अजमेर रोड पर देर रात तक बही भजन सरिता
  • ज्वालामुखी माता के दरबार में चढ़ाया ध्वज
ब्यावर में श्री ज्वालामुखी नवरात्र संघ की ओर से अजमेर रोड पर 31वीं भजन संध्या का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगी रोशनी में सजे पांडाल में देर रात्रि तक श्रद्धालु माताजी के भजनों पर झूमते रहे। छोटूसिंह रावणा एंड पार्टी ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां दी। गणेश वंदना के साथ शुभारंभ हुआ। इसके बाद वो महाराणा प्रताप कठे.., लौट के आजा मेरे हनुमान.., प्यारा सजा है दरबार भवानी.., चौसठ जोगणी मां... जैसे अनेक भजनों की प्रस्तुतियां दी गई। लोक कलाकार छंवरलाल गहलोत व सैनी खुशबू कंवर ने भी प्रस्तुतियां दी। संचालन यश महावर ने किया।

बुधवार को दुर्गा अष्टमी के मौके पर संघ की ओर से ध्वज चढ़ाने की परम्परा निभाई गई। संघ सदस्य अजमेर रोड से पदयात्रा करते हुए आठ किलोमीटर दूर स्थित ज्वालामुखी माता मंदिर डूंगरी पहुंचे और मंदिर पर ध्वज चढ़ाया। मार्ग में कई जगह पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया। इस दौरान सुभाष चौधरी, अनिल भोजक, चेतन शर्मा, नोरतमल चौहान, कमल शर्मा, पवन दगदी, गौरीशंकर शर्मा, सोनू भाटी, हेमेंद्र  शर्मा, तरूण शर्मा, रवि डंडायत, लक्ष्मीनारायण सोनी, हरिओम शर्मा, शंकर गुर्जर, अनिल सोलंकी, प्रदीप शर्मा, गिरीराज शर्मा, गजेंद्र तंवर, ईश्वर चौधरी, राजेंद्र सोमानी, मालसिंह प्रजापति, जीतू सैन, नितेश दगदी, महेंद्र चौहान, सूरज त्रिपाठी, शैरू शर्मा, रिंकू शर्मा, नरेंद्र पारीक, निक्कू पंजाबी सहित बड़ी संख्या में भक्त मौजूद थे।
Share:

Featured Post

दास्तान-ए-आशिकी, जुबान-ए-इश्क | Famous Love Story

ग्लोबलाइजेशन के इस युग ने हमारी जेनरेशन को वैलेंटाइंस डे का तोहफा दिया है। यह दिन प्यार के नाम होता है। इतिहास के पन्ने पलटने पर आप पाएंगे...

Amazon Big Offer

Advt

Blog Archive

Copyright

इस ब्लॉग में दिये किसी भी लेख या उसके अंश और चित्र को बिना अनुमति के किसी भी अन्य वेबसाइट या समाचार-पत्र, पत्रिका में प्रकाशित नहीं किया जा सकता। अनुमति के लिये केवल मेल पर सम्पर्क करें: sumit.saraswat09@gmail.com

Pageviews

Labels

Blog Archive

Recent Posts

Unordered List

Theme Support