Thinker, Writer, Anchor

Showing posts with label State News. Show all posts
Showing posts with label State News. Show all posts

August 4, 2019

बेनीवाल बोले, जिस मुकाम पर हूं उसमें सोशियल मीडिया की भूमिका | Power of Social Media


राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के अध्यक्ष व सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा, मैं सफलता हासिल कर आज जिस मुकाम पर पहुंचा हूं उसमें सोशियल मीडिया की बड़ी भूमिका है। इसके बिना सब अधूरा है। जयपुर में वैपन भारत की ओर से आयोजित सोशियल मीडिया काॅन्फ्लुएंस में उन्होंने यह बात कही।


बेनीवाल ने कहा कि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी सोशियल मीडिया की ही देन है। इसी के कारण किसान के बेटे की पार्टी को राजस्थान के पहले क्षेत्रीय दल के रूप में मान्यता मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सोशियल मीडिया की मजबूती के लिए काम कर रहे हैं। देश में 80 से 90 प्रतिशत लीडरशिप सोशियल मीडिया के जरिए तैयार हो रही है। नए समर्थक जुड़ रहे हैं।


यह भी पढ़ें : कश्मीर के लिए क्या बोले बेनीवाल
 
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी व सोशियल मीडिया ने लोगों में राष्ट्रवाद की भावना भरी है। कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत को राष्ट्रवादी देश बना दिया है। देश का हर नागरिक हिंदी सीख रहा है। अभी लोकसभा में आंधप्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडू के सांसदों ने हिंदी में शपथ ली और कहा हम राष्ट्रवादी हैं। नौजवान सोशियल मीडिया के माध्यम से भारत को दुनिया में उबारने का काम कर रहे हैं।  -सुमित सारस्वत, मो.09462737273

Sumit Saraswat available on :
 
Share:

July 7, 2018

पीएम मोदी ने किया राजस्थान विस चुनाव का शंखनाद, राजे के नेतृत्व में जीत का संकेत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर राजस्थान आए। यहां जयपुर के अमरूदों का बाग में आयोजित लाभार्थी संवाद कार्यक्रम में पीएम मोदी ने आगामी राजस्थान विधानसभा चुनाव का शंखनाद किया। साथ ही संकेत किया कि अगला विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। पीएम मोदी ने संबोधन में सीएम राजे की जमकर सराहना की।
पीएम मोदी ने राजे को लोकप्रिय मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि चार साल में वसुंधरा सरकार विकास योजनाओं को लागू करने में दोगुनी शक्ति के साथ जुटी हुई है। राजश्री योजना, होनहार छात्राओं को स्कूटी योजना, पालनहार योजना, तीर्थ यात्रा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों की आंखों में जो चमक और आत्मविश्वास नजर आ रहा है उसे कोई नहीं भूल सकता। इसके लिए मैं वसुंधरा जी को बधाई देता हूं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वसुंधरा सरकार सुनिश्चित कर रही है कि किसानों को उनकी मेहनत का पूरा लाभ मिल सके। इसके लिए राज्य सरकार संवेदनशीलता के साथ किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बना रही है। पहले राजस्थान में लोगों के समय का एक बड़ा हिस्सा पानी की आवश्यकता को पूरी करने में चला जाता था। अब वसुंधरा राजे की सरकार ने इस दिशा में सराहनीय प्रयास किया है। जल स्वावलंबन अभियान के तहत सूखे गांवों और शहरों में चार हजार करोड़ रुपए से अधिक की लागत के प्रोजेक्ट पूरे कर दिए गए हैं। साढ़े 12 हजार से अधिक गांवों तक पीने के पानी की सुविधा पहुंच गई है। राजस्थान में सरकार ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत उल्लेखनीय कार्य किया है। बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार ने योजनाएं बनाई और सफलता से क्रियान्वित किया। -सुमित सारस्वत, जयपुर, मो.09462737273

Share:

April 11, 2018

भगवान परशुराम जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित | Public Holiday on Parshuram Jayanti


विप्र समाज के आराध्य भगवान श्री परशुराम जयंती पर अब राजस्थान राज्य में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। सामान्य प्रशासन विभाग के उप शासन सचिव गौरव बजाड़ ने 11 अप्रेल 2018, बुधवार को एक विज्ञप्ति जारी कर यह घोषणा की है। इस आदेश के बाद आगामी 18 अप्रेल  को राज्य में सार्वजनिक अवकाश रहेगा।


आपको बता दें कि इससे पहले भगवान श्री परशुराम जयंती पर ऐच्छिक अवकाश था। गत दिनों जयपुर के मोतीडूंगरी मंदिर के महंत कैलाश नाथ शर्मा के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से मुलाकात कर ऐच्छिक अवकाश को सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने की मांग की थी। सर्व ब्राह्मण समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए सरकार ने यह घोषणा की है। इस निर्णय पर विप्र समाज ने हर्ष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया है।  -सुमित सारस्वत, मो.09462737273


Sumit Saraswat available on :
Share:

February 18, 2018

क्या मृतक परिवारों का दर्द बांटेगा खरबपति श्री सीमेंट प्रबंधन !

श्री सीमेंट के नाम खुला पत्र

बांगड़ परिवार

श्रीमान, ब्यावर शहर जिसने आप को बहुत कुछ दिया आज इसी शहर की धरती पर इतिहास का सबसे बड़ा हादसा घटित हुआ है। प्रत्येक शहरवासी की आँखें नम और ह्रदय में दर्द है। हर हाथ मदद को तैयार। ऐसी विकट परिस्थिति में मेरा निवेदन है कि श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर के वार्षिकोत्सव पर होने वाले भव्य आयोजन को सूक्ष्म और सादगी पूर्ण तरीके से किया जाए और इसमें खर्च होने वाली अथाह धनराशि ना केवल पीड़ित परिवार बल्कि उन परिवारों पर खर्च की जाए जिनके सपनों के आशियाने टूट गए हैं। मेरी यह भावपूर्ण विनती है आपसे और ऐसा निवेदन समर्थ व्यक्ति से ही किया जाता है। संकटमोचन राम भक्त हनुमान आपके इस कदम से विगत वर्षों की तुलना में अधिक प्रसन्न होंगें।
मुझे ये भी विदित है कि आपकी तरफ से मृतकों के लिए एक-एक लाख रुपए सहायता की घोषणा की जा चुकी है। पर यह सर्व विदित है कि इतने रुपए में तो एक कमरा भी मुश्किल से बन पाता है। मेरा निवेदन है कि मन्दिर वार्षिकोत्सव में होने वाले व्यर्थ खर्च को रोक कर ब्यावर के नाम खर्च किया जाए। आपका पूरा ब्यावर सदैव ऋणी रहेगा क्योंकि यह हादसा किसी एक परिवार के साथ नहीं बल्कि ब्यावर के साथ हुआ है। ना केवल मैं बल्कि ब्यावर का हर वासी आज दुखी मन से आपसे यह विन्रम निवेदन करता है।

परोपकाराय फलन्ति वृक्षाः परोपकाराय वहन्ति नद्यः।
परोपकाराय दुहन्ति गावः परोपकारार्थ मिदं शरीरम्॥
परोपकार के लिए वृक्ष फल देते हैं, नदियाँ परोपकार के लिए ही बहती है और गाय परोपकार के लिए दूध देती हैं। अर्थात् यह शरीर भी परोपकार के लिए ही है।

निवेदक
पंडित कृष्ण वल्लब शर्मा
(9414009285)
Share:

January 9, 2018

पिंक सिटी की प्रीति ने पहना मिसेज राजस्थान का ताज | Preeti Meena Mrs Rajasthan 2018

मिसेज राजस्थान 2018 का ताज पिंक सिटी की प्रीति मीणा ने पहना है। फोटोग्राफी और मॉडलिंग में रूचि रखने वाली प्रीति ने जयपुर में आयोजित ग्रैंड फिनाले में शामिल प्रदेश की 20 सुंदर महिलाओं में पहले पायदान पर जगह बनाकर खिताब जीता। फर्स्ट रनरअप सीमा शर्मा नाइक, सैकंड रनरअप नित्या सिंह तंवर, थर्ड रनरअप निधि मंडावरा और फोर्थ रनरअप नेहा शर्मा रहीं।
फ्यूजन ग्रुप द्वारा आयोजित कॉम्पिटिशन के ग्रैंड फिनाले में कंटेस्टेंट ने रैम्पवॉक किया। जजेज द्वारा पूछे गए इंट्रेस्टिंग सवालों के स्मार्ट जवाब देकर उन्हें इम्प्रेस किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संस्कृति युवा संस्था के अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा थे। ज्यूरी में चौमू के पूर्व राजघराने की रुक्ष्मनी कुमारी, जयपुर मैराथन के सीईओ मुकेश मिश्रा, अरशद हुसैन, डिजाइनर नरेशंत शर्मा, जसप्रीत, फर्स्ट प्रिंसेज मिस क्वीन ग्लोब इंटरनेशनल एंड मिस राजस्थान 2016 गीतांजलि और आर्य ग्रुप के डायरेक्टर अरविंद अग्रवाल थे। विशिष्ट मेहमानों में राजस्थानी फिल्म अभिनेता श्रवण सागर और बिग बॉस फेम इमाम सिद्दिकी मौजूद थे। गाउन राउंड, वेस्टर्न अटायर राउंड और इंडियन एथनिक राउंड में पार्टिसिपेंट्स ने अलग-अलग थीम के डिजाइनर वियर में खुद को प्रजेंट किया। -सुमित सारस्वत, मो.09462737273


इन प्रतिभावान महिलाओं को भी मिले खिताब
ग्रैंड फिनाले में मिसेज राजस्थान 2018 के 14 सब टाइटल्स से भी प्रतिभावान महिलाओं को नवाजा गया। मिसेज टैलेंटेड नेहा शर्मा, मिसेज पॉपुलर खुशबू उपाध्याय, मिसेज फोटोजेनिक सीमा शर्मा नाइक, मिसेज बेस्ट रैम्प वॉक प्रियंका शर्मा, व्यूअर्स चॉइस अवॉर्ड ममता मीणा, मिसेज ब्यूटीफुल हेयर प्रियंका राठौड़, मिसेज पर्सनालिटी प्रीति मीणा, मिसेज आइकोनिक आईज मनीषा अजमेरा, मिसेज कॉन्फिडेंस नित्या सिंह तंवर, मिसेज स्पार्कलिंग स्माइल सारिका सिंह, मिसेज लवेबल रश्मि याग्निक, मिसेज फ्लॉलेस स्किन सोनू छाबड़ा, मिसेज टोन्ड लैग्स निधि मंडावरा और मिसेज विवेशियस सीमा सारिया को देकर सम्मानित किया गया। सभी टॉप-20 फाइनलिस्ट्स को वर्कशॉप के जरिए अपने अंदर छिपे हुनर और खासियत को निखारकर स्टाइल दीवा बनने की ट्रेनिंग दी गई थी।

Sumit Saraswat available on :
Share:

January 8, 2018

मेवाड़ में जीण माता को भक्तों ने चढ़ाई 111 मीटर लंबी चुनर

अग्रवाल सोशियल ग्रुप की ओर से फतहनगर (उदयपुर) में आयोजित अखिल भारतीय अग्रवाल वैवाहिक परिचय सम्मेलन में मां जीण का संगीतमय मंगलपाठ आयोजित किया गया। इसमें ब्यावर से आए श्रीश्यामा श्याम वंदना परिवार के भजन गायक गोपाल वर्मा ने देर रात तक सुमधुर भजनों के साथ मंगलपाठ की प्रस्तुति दी। सम्मेलन में देशभर से आए भक्तों ने मां को 111 मीटर लंबी चुंदड़ी चढ़ाई।
मां जीण के जीवन पर आधारित मंगलपाठ की शुरूआत गणेश वंदना व नाम संकीर्तन के साथ हुई। इसके बाद गायक वर्मा ने जीवण बाई को जन्म हुयो, बधाई सारा भक्तां ने.., मेहंदी रची थारा हाथां में.., थाने गजरो पहनावां म्हारी मात.., लाया थारी चूंदड़ी करियो मां स्वीकार.. जैसे सुमधुर भजनों पर श्रोता झूम उठे।
पाठ के मध्य जन्मोत्सव, मेहंदी उत्सव, गजरा उत्सव, छप्पन भोग व चुनर महोत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया। मां को 111 मीटर लंबी चुंदड़ी चढ़ाए जाने के दौरान आकर्षक व अलौकिक नजारा दिखाई दिया। भक्तों ने भाव के साथ झूमते हुए मां को लाल चुनर चढ़ाई।
माता को 111 मीटर लंबी चुनरी अर्पण करते भक्त। सभी फोटो : बबलू अग्रवाल, ब्यावर
अखिल भारतीय जीण माता सेवा संघ सूरत शाखा ब्यावर की ओर से मां का भव्य नयनाभिराम दरबार सजाया गया। भक्तों ने अखंड ज्योत के दर्शन कर मां से मनोकामना की।
संघ की ओर से अशोक गोयल, विशाल गोयल, सत्यनारायण अग्रवाल, ज्योति अग्रवाल, चर्चित मंगल, गौरव गर्ग, राघव अग्रवाल, तनु गोयल ने सम्मेलन संयोजक प्रकाशचंद्र अग्रवाल, अग्रवाल सोशियल ग्रुप अध्यक्ष महेंद्र अग्रवाल व सचिव घनश्याम अग्रवाल सहित नवयुवक मंडल व महिला मंडल पदाधिकारियों को चुनर ओढ़ाकर सम्मानित किया। मंच संचालन सुमित सारस्वत ने किया। अंत में छप्पन भोग प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय उपखण्ड अधिकारी, गोपीलाल अग्रवाल, घनश्याम मंगल, दिनेश अग्रवाल, शुभम शर्मा, राहुल दगदी, मयंक अग्रवाल, चित्रा गोयल, अर्चना अग्रवाल, सीता, उर्मिला, सुमन, गीता, पूजा, सीमा, कविता, मनीषा, सुमित्रा सहित देशभर से आए समाज सदस्यों ने भाग लिया। -सुमित सारस्वत, मो.09462737273





Share:

December 20, 2017

राजस्थान के पांच जिलों में खोले जाएंगे महिला शक्ति केंद्र

प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के सशक्तिकरण और सामुदायिक विकास में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए पांच जिलों धौलपुर, करौली, जैसलमेर, सिरोही और बाड़मेर में वर्ष 2018-19 में महिला शक्ति केंद्र खोले जाएंगे। केंद्र सरकार ने इसके लिए स्वीकृति जारी कर दी है। मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे को केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती मेनका गांधी ने पत्र लिखकर यह जानकारी दी।
केन्द्रीय मंत्रालय की ओर से इन केन्द्रों के लिए जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए स्थानीय विद्यार्थियों को स्वयंसेवक के रूप में शक्ति केन्द्रों के साथ जोड़ा जाएगा। इस योजना के तहत खुलने वाले जिला स्तरीय महिला केंद्र गांवों, उपखण्ड और राज्य स्तर पर महिलाओं से जुड़ी योजनाओं की क्रियान्विति के लिए लिंक के रूप में कार्य करेंगे। 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' योजना से जुड़े सभी 14 जिलों में भी जिला-स्तरीय महिला शक्ति केंद्र खोले जाएंगे।
देश के 17 राज्यों के कुल 115 जिलों में खुलने वाले महिला शक्ति केंद्र ’बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना के आधार केंद्र भी बनेंगे। प्रत्येक केंद्र पर तीन व्यक्ति नियुक्त होंगे, जो जिला कलक्टर, संभागीय आयुक्त, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, कानून व्यवस्था लागू करने वाली संस्थाओं, अर्द्धशासकीय संस्थानों तथा अन्य विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्य निष्पादन करेंगे।
Share:

प्रदेश के 205 माध्यमिक एवं 26 उच्च प्राथमिक विद्यालय क्रमोन्नत

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे के निर्देश पर राज्य सरकार ने 205 माध्यमिक विद्यालयों को उच्च माध्यमिक विद्यालयों तथा 26 उच्च प्राथमिक विद्यालयों को माध्यमिक विद्यालयों में क्रमोन्नत किया है।
अलवर जिले के 74, अजमेर जिले के 10, जयपुर जिले के 119 तथा भीलवाड़ा जिले के 2 माध्यमिक विद्यालयों को उच्च माध्यमिक विद्यालयों में क्रमोन्नत किया गया है। इसी प्रकार अलवर जिले के 14 और जयपुर जिले के 12 उच्च प्राथमिक विद्यालयों को माध्यमिक विद्यालयों में क्रमोन्नत किया गया है।
Share:

December 12, 2017

प्रदेश में हटेंगे चार अप्रासंगिक कानून, सरकार ने लिए कड़े फैसले

मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे की अध्यक्षता में मंगलवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में हुई मंत्रिमण्डल की बैठक में  कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। संसदीय कार्य मंत्री राजेन्द्र राठौड़ ने मंत्रिमण्डल की बैठक में हुए निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि मंत्रिमंडल ने वर्तमान में प्रचलित परंतु अप्रासंगिक चार और कानूनों के निरसन का निर्णय लिया है। इसके अनुसार दी राजस्थान रेवन्यू लॉज (एक्सटेंशन) एक्ट 1957, दी राजस्थान होल्डिंग्स कंसोलिडेशन ऑपरेशन वेलिडेटिंग एक्ट 1960, दी राजस्थान लैंड रेवेन्यू (अमेंडमेंट एंड वेलिडेशन) एक्ट 1966 और दी राजस्थान इम्पोजिशन ऑफ सीलिंग ऑन एग्रीकल्चरल होल्डिंग्स (अमेंडमेंट एंड वेलिडेशन) एक्ट 1979 का निरसन किए जाने का निर्णय लिया गया।


पांच गांवों की जमीन अवाप्ति से मुक्त 
कैबिनेट ने दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (डीएमआईसी) परियोजना के तहत प्रथम चरण खुशखेड़ा-भिवाडी-नीमराणा इन्वेस्टमेंट रीजन के फेज-1(ए) के विकास के लिए अधिग्रहीत दस गांवों की 1425.36 हेक्टेयर जमीन में से पांच गांव जोनायचाखुर्द, गुगलकोटा, शाहजहांपुर, बाबद एवं चौबारा की करीब 893.06 हेक्टेयर जमीन अवाप्ति से मुक्त करने का निर्णय लिया। इस जमीन के अधिग्रहण की मुआवजा राशि प्रति हेक्टेयर करीब 3 करोड़ एक लाख रूपए बन रही थी। इस तरह इन पांच गांवों में भूमि अधिग्रहण के लिए कुल 2785.77 करोड़ रूपए मुआवजा राशि के रूप में देना पड रहा था। इन गांवों के स्थान पर अन्य चार गांवों पलावा, बिरोद, मिरजापुर एवं लामचपुर में भूमि अवाप्त की जाएगी जिसका अवाप्ति मूल्य लगभग 915.6 करोड़ रूपए है। इस निर्णय से कुल 1425.36 हेक्टेयर भूमि की आवप्ति पर 1331.14 करोड़ रूपए लागत आएगी जो कि वर्तमान लागत का मात्र 41.5 प्रतिशत है। राज्य सरकार इससे पहले इन्हीं चार गांवों सहित मानका गांव की 532.30 हेक्टेयर भूमि अवाप्ति की 418.64 करोड़ रूपए अवार्ड राशि जारी कर चुकी है। इन पांच गांवों की भूमि को राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 8 से जोड़ने के लिए 60 मीटर चौड़ाई की अप्रोच रोड़ के लिए जरूरी भूमि भी अवाप्त करने का निर्णय लिया गया।


जीएसटी आयुक्तालय जमीन आवंटन मंजूर
मंत्रिमंडल ने जोधपुर में जीएसटी कमिश्नरेट, जीएसटी ऑडिट कमिश्नरेट एवं जीएसटी अपील कमिश्नरेट के लिए कार्यालय तथा आवास उपयोग के लिए 65661 वर्गमीटर भूमि के आवंटन का भी निर्णय लिया। इसके अलावा जोधपुर में 19 एफएडी आर्मी डिपो की रेलवे लिंक लाइन को बनाड़ रेलवे स्टेशन से जोड़ने के लिए 6 बीघा भूमि के सशुल्क आवंटन का निर्णय लिया गया। उन्होंने बताया कि फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट को होटल प्रबंधन संस्थान के रूप में क्रमोन्नयन के बाद होस्टल एवं अन्य सुविधाओं के लिए 10,000 वर्गमीटर भूमि के निशुल्क आवंटन के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। 


न्यायालय कार्मिकों को भी उपार्जित अवकाश 
मंत्रिमंडल ने राजस्थान सेवा नियम, 1951 के नियम 92 (सी) (1) में संशोधन के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। इस संशोधन के बाद अन्य राज्य कर्मचारियों के अनुरूप दीवानी न्यायालयों के कर्मचारी और अधिकारियों को देय अग्रिम उपार्जित अवकाश अर्जित होने के 6 माह तक समाप्त नहीं माने जाएंगे।


दौसा और राजसमंद के कॉलेजों का नाम बदलेगा
मंत्रिमंडल ने राजकीय महाविद्यालय, महुवा (दौसा) का नामकरण डॉ. भीमराव अम्बेडकर राजकीय महाविद्यालय, महुवा करने तथा राजकीय कन्या महाविद्यालय, राजसमंद का नामकरण श्री द्वारकाधीश राजकीय कन्या महाविद्यालय, राजसमंद किए जाने का प्रस्ताव भी मंजूर किया गया।


मोटर वाहन उपनिरीक्षकों की शत-प्रतिशत सीधी भर्ती
मंत्रिमंडल ने मोटर वाहन उपनिरीक्षक के शत-प्रतिशत पद राजस्थान लोक सेवा आयोग के माध्यम से सीधी भर्ती से भरे जाने संबंधी राजस्थान परिवहन अधीनस्थ सेवा नियम, 1963 में संशोधन के प्रस्ताव को मंजूरी दी।

Share:

प्रदेश में गोवंशीय पशु अधिनियम में होगा संशोधन, गौवंश वध पर पूर्ण प्रतिबंध

मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे की अध्यक्षता में मंगलवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में हुई मंत्रिमण्डल की बैठक में  कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। संसदीय कार्य मंत्री राजेन्द्र राठौड़ ने मंत्रिमण्डल की बैठक में हुए निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य मंत्रिमंडल ने राजस्थान गोवंशीय पशु (वध का प्रतिषेध और अस्थाई प्रवर्जन या निर्यात का विनियमन) अधिनियम, 1995 में संशोधन का प्रारूप अनुमोदित किया है। इस संशोधन विधेयक को राज्य विधानसभा में पुरःस्थापित करने से पहले राष्ट्रपति की अनुमति के लिए भेजा जाएगा। संशोधन के बाद राज्य के पशुपालकों तथा राज्य के बाहर के क्रेताओं को 2 साल एवं इससे अधिक उम्र के नर गोवंश को कृषि एवं प्रजनन कार्यों के लिए निर्यात करने की अनुमति मिल सकेगी। यह अनुमति प्रारम्भिक तौर पर नागौरी बैल प्रजाति के बछड़ों के मामलों में ही मिलेगी। इससे पहले 3 वर्ष से अधिक उम्र के बछड़ों को ही राज्य से बाहर ले जाने की अनुमति थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि संशोधन के बाद भी केवल उन्हीं राज्यों के लिए निर्यात की अनुमति दी जाएगी, जहां गौवंश के वध पर पूर्ण प्रतिबंध है।


यह भी पढ़ें..


Share:

मीसाबंदी अब कहलाएंगे लोकतंत्र रक्षक सैनानी

देश में आपातकाल के दौरान राजनीतिक और सामाजिक कारणों से जेल में बंद रहे प्रदेश के मीसाबंदी अब लोकतंत्र रक्षक सैनानी के रूप में जाने जाएंगे। मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे की अध्यक्षता में मंगलवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में हुई मंत्रिमण्डल की बैठक में 'राजस्थान मीसा एवं डी.आई.आर. बंदियों को पेंशन नियम, 2008' में संशोधन का निर्णय लिया गया।
संसदीय कार्य मंत्री राजेन्द्र राठौड़ ने मंत्रिमण्डल की बैठक में हुए निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि राजस्थान मीसा एवं डी.आई.आर. बंदियों को पेंशन नियम, 2008 में संशोधन कर इसका नाम 'राजस्थान लोकतन्त्र रक्षक सम्मान निधि नियम, 2008' किया जाएगा। अब राजस्थान के मूल निवासी ऐसे बंदी जो आपातकाल के दौरान राज्य से बाहर की जेलों में रहे हैं उन्हें भी इन नियमों के तहत पेंशन एवं भत्ते दिए जाएंगे। अब तक सिर्फ राजस्थान की जेलों में बंद रहे राज्य के मूल निवासी मीसा बंदी ही पेंशन और भत्ते के हकदार थे।  
वहीं पेंशन आवेदन के लिए आपातकाल के दौरान मीसा और डी.आई.आर. के अधीन बंदी रहने का प्रमाण पत्र जेल अधीक्षक या जिला पुलिस अधीक्षक से लेना पड़ता था। अब संशोधन के बाद प्रावधान किया गया है कि जेल तथा पुलिस थानों में रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में मीसा बंदी पेंशन के लिए शपथ पत्र तथा संबंधित जिले के वर्तमान या पूर्व विधायक या सांसद द्वारा प्रमाणित दो सहबंदियों के प्रमाण पत्र के आधार पर भी आवेदन किया जा सकेगा। संशोधन के तहत एक माह जेल में रहने वाले ऐसे मीसा बंदी भी पेंशन एवं भत्तों के हकदार होंगे जो उस समय वयस्क नहीं थे। अब तक जेल में रहे केवल ऐसे मीसाबंदियों को ही पेंशन मिलती थी जो उस समय वयस्क थे।


यह भी पढ़ें..


Share:

December 6, 2017

समरसता के लिए बाबा साहेब का योगदान महत्वपूर्ण : सीएम राजे

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। राजे ने कहा, बाबा साहेब अंबेडकर ने भारतीय संविधान निर्माण के साथ-साथ सामाजिक अधिकारों से वंचित जातियों के उत्थान तथा सामाजिक समरसता के लिए भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। मुख्यमंत्री ने डॉ. अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर उनको याद करते हुए कहा कि बाबा साहेब का जीवन समस्त देशवासियों के लिए प्रेरणादायी है। उनका जीवन और उनके आदर्श हम सभी को सदैव प्रेरित करते रहेंगे।
Share:

December 2, 2017

मुख्यमंत्री ने ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर प्रदेशवासियों को दिली मुबारकबाद दी है। 
श्रीमती राजे ने अपने संदेश में कहा कि पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब ने अपनी पूरी जिन्दगी पाकीज़गी के साथ इंसानियत की भलाई के लिए गुजारी। उनके जीवन से हमें सीख मिलती है कि हक और सच्चाई की राह पर चलते हुए इंसान को हर तरह की कुर्बानी देने के लिए तैयार रहना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मुबारक मौके पर हम संकल्प लें कि धर्म, जाति और सम्प्रदाय के दायरे से ऊपर उठकर अपना जीवन मानवता के कल्याण के लिए समर्पित करेंगे।
Share:

विश्व दिव्यांग दिवस पर मुख्यमंत्री राजे का संदेश

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा कि दिव्यांगों को समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए विश्व दिव्यांग दिवस (3 दिसम्बर) की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगों के अधिकारों और उनके हितों की रक्षा के लिए राज्य सरकार संकल्पबद्ध है।
श्रीमती राजे ने अपने संदेश में कहा कि आमजन को भेदभाव से दूर रहकर दिव्यांगजनों  के स्वास्थ, शिक्षा एवं सामाजिक प्रतिष्ठा को सुधारने के लिए सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिव्यांगजन पूरे आत्मविश्वास के साथ जीवन में ऊंचाइयों को छूने का संकल्प लें।
Share:

November 15, 2017

क्या तेरा है क्या मेरा है...देख भाई देख !

नब्बे के दशक में दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाले हास्य धारावाहिक का यह गाना आज उस वक्त जेहन में ताजा हो गया जब ब्यावर भाजपा के दो कद्दावर नेताओं के आपसी मिलन की तस्वीरें देखी। इन तस्वीरों के पीछे दो राज छुपे थे। पहला यह कि मानो एक-दूसरे से कह रहे हों कि यह राजनीति है। यहां तेरा-मेरा कुछ नहीं। वही होता है जिसमें आका की इच्छा हो। दूसरा छुपा राज जो दिखा वो यह कि मानो एक नेता दूसरे से कह रहा हो कि देख भाई देख। मुझसे नजरें मिला। तस्वीर हकीकत बयां कर रही है कि दोनों की मुलाकात तो हुई मगर नजरें नहीं मिली। बरसों से चंद रोज पहले तक एक-दूसरे के घोर विरोधी बनकर आरोप-प्रत्यारोप करने वाले यह दोनों नेता शायद सामने आने पर एक-दूसरे से नजरें नहीं मिला पाए।

हम बात कर रहे हैं तिलपट्टी के कारण मीठी नगरी के रूप में विख्यात ब्यावर के वर्तमान विधायक शंकर सिंह रावत और पूर्व विधायक देवीशंकर भूतड़ा की। दरअसल भूतड़ा को कल भाजपा में पुनः शामिल करने पर आज रावत ने अपने कार्यालय में स्वागत के लिए आमंत्रित किया था। रावत ने भूतड़ा को माला पहनाकर हाथ तो मिला लिया मगर दोनों के दिल शायद नहीं मिल पाए। माला पहनाने के समय भूतड़ा ने नजरें झुका ली तो हाथ मिलाते वक्त मुंह फेर लिया। पास खड़े भाजपा मंडल अध्यक्ष जयकिशन बल्दुआ और दिनेश कटारिया भी भूतड़ा की अनदेखी करते दिख रहे हैं। भूतड़ा के पार्टी से बगावत करने की वजह भी मंडल अध्यक्ष ही हैं। मीडिया को दिए बयान में भूतड़ा ने साफ कहा है कि 2013 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी ने मंडल अध्यक्ष बदल दिए थे। समर्पित कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान की खातिर वे चुनाव मैदान में उतरे। इस फैसले के कारण भूतड़ा को करारी हार का सामना करना पड़ा था। बगावत के कारण पार्टी ने उन्हें निष्कासित कर दिया था। वैसे दोनों नेताओं के बीच मनमुटाव का यह मंजर पहली बार 2008 के विधानसभा चुनाव में सामने आया था। तब पार्टी ने भूतड़ा का टिकट काटकर रावत को प्रत्याशी बना दिया था। तब से अब तक करीब 9 साल से मनमुटाव का मंजर फिर मदद की महफिल में नहीं बदला। -सुमित सारस्वत


..सरदार कौन होगा !
‘किसको फिक्र है कि ‘कबीले’ का क्या होगा, सब लड़ते इस पर हैं कि ‘सरदार’ कौन होगा!’ यह शेर आज ब्यावर भाजपा की स्थिति पर सटीक लगा। अगला विधायक बनने को बेताब दो नेताओं को साथ देखकर कार्यकर्ता और समर्थक यही सोच रहे थे। लोगों में चर्चा रही कि दोनों नेताओं के बीच कार्यकर्ता चकरघिन्नी बन गए हैं। न जाने संगठन का क्या होगा। इसी सोच और भविष्य के भय से कई जनप्रतिनिधि और नेता तो स्वागत कार्यक्रम में नदारद रहे।

अपनी प्रतिक्रिया नीचे कमेंट बॉक्स में दें..
Sumit Saraswat available on :
Share:

राजनीति की लॉलीपॉप

अगर कोई बच्चा जिद करे या किसी बच्चे से काम करवाना हो तो उसे लॉलीपॉप देकर मनाने की कला सब जानते हैं। इसी कला को अपनाकर भाजपा भी आगामी लोकसभा उपचुनाव के लिए गत विधानसभा चुनाव में पार्टी से बगावत करने वाले नेताओं की घर वापसी’ करवा रही है। मंगलवार को मंगल कार्य करते हुए राजधानी जयपुर में पार्टी प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनानी ने मसूदा के पूर्व देहात जिलाध्यक्ष नवीन शर्मा एवं ब्यावर के पूर्व विधायक देवीशंकर भूतड़ा को पुनः पार्टी में शामिल किया है। इससे पहले पार्टी ने अजमेर के पूर्व सभापति सुरेंद्र सिंह शेखावत को भी अपनाया था। इन तीनों को गत विधानसभा चुनाव में भाजपा से बगावत करने पर निलंबित किया था। खास बात है कि यह तीनों ही नेता अजमेर जिले के हैं। यहीं अजमेर संसदीय क्षेत्र में लोकसभा उपचुनाव होने हैं। सांसद सांवरलाल जाट का निधन हो जाने से उपचुनाव में पार्टी पुनः इस सीट पर काबिज होना चाहती है। ऐसे में हर कड़ी को मजबूत बनाने के लिए बागियों को बदस्तूर बुलाया जा रहा है।

अजमेर, ब्यावर और मसूदा के इन बड़े नेताओं को पार्टी की मुख्यधारा से पुनः जोड़ने में देहात जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद सारस्वत की भूमिका अहम बताई जा रही है। माना जा रहा है कि उपचुनाव में सारस्वत को प्रत्याशी बनाया जा सकता है। ऐसे में वे जीत के लिए अभी से जोर लगाने लगे हैं। अगर उन्हें टिकट नहीं भी मिलता है तो वह पार्टी के इतने समर्पित सिपाही हैं कि प्रत्याशी की जीत के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।


इस सारी कवायद के बीच राजनीतिक जानकारों के मन में सवाल आया कि गत विधानसभा चुनाव में आधा दर्जन से अधिक पूर्व विधायकों व कई बड़े नेताओं ने पार्टी से बगावत की थी मगर उन्हें तो पार्टी में शामिल नहीं किया गया। ऐसे में शायद अजमेर के इन तीनों नेताओं को उपचुनाव से पहले ‘राजनीति की लॉलीपॉप’ पकड़ाई गई है। जानकारों के मन में इस बात को लेकर भी संशय है कि इन्हें भविष्य में टिकट मिलेगा इसकी भी कोई गारंटी नहीं है। इतना जरूर है कि बगावत करने के बाद भी इन्होंने पार्टी के प्रति समर्पण रखा।


यह किस्सा भी रोचक..
चुनाव-उपचुनाव से पहले बागियों की घर वापसी राजनीति में परंपरा बन गई है। इसी परंपरा के चलते आज बुधवार को उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में कई दलों की सैर कर चुके शहर के पूर्व चेयरमैन राजीव अग्रवाल उर्फ टीटी की घर वापसी हुई। 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में वह मेनका गांधी के खिलाफ चुनाव लड़े थे। इतना ही नहीं, केंद्र की मोदी सरकार को धोखेबाज बताते हुए 2016 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ पोस्ट भी की थी। आपको बता दें कि यूपी में भी इन दिनों चुनावी चौसर बिछी हुई है।

अपनी प्रतिक्रिया नीचे कमेंट बॉक्स में दें..
Sumit Saraswat available on :
Share:

November 12, 2017

सीएम राजे की सादगी : 2 घंटे जमीन पर बैठकर सुनीं रामकथा | CM Vasundhara Raje in Ram Katha

राजस्थान की आस्थावान मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने रविवार को कामवन में सादगी का परिचय देते हुए आध्यात्म के प्रति आदर प्रकट किया। सूबे की मुखिया ने भरतपुर जिले के कामां में दो घंटे जमीन पर बैठकर संत मोरारी बापू से रामकथा सुनीं। राजे के लिए कथा पांडाल में विशेष व्यवस्था की गई थी मगर वे सामान्य श्रोताओं की तरह जमीन पर बैठीं। इससे पूर्व राजे रामकथा पोथी सिर पर रखकर मंच पर पहुंची और व्यासपीठ का पूजन कर बापू से आशीर्वाद लिया।


बापू ने कथा के प्रारंभ में मुख्यमंत्री को आशीर्वाद देते हुए कहा कि सत्ता शीर्ष पर बैठे लोगों का आम जनता के साथ बैठकर प्रवचन सुनना भारतीय संस्कृति में ही संभव है। व्यासपीठ के सामने बैठकर रामकथा सुनने से ही राजपीठ का कल्याण हो जाता है। मुझे प्रसन्नता है कि चौरासी कोस परिक्रमा राजस्थान में भी आती है। बापू ने राजे द्वारा राजस्थान के तीर्थों पर करवाए जा रहे विकास कार्यों व जीर्णोद्वार पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए 5 लाख रुपए का तुलसी दानपत्र देने की घोषणा की। बापू ने आनंदित भाव से राजस्थान के राष्ट्रीय कवि कन्हैयालाल सेठिया द्वारा रचित धरती धोरां री.. कविता के जरिए वीर प्रसवनी भूमि की महिमा गाई। सीएम के सामान्य श्रोताओं की तरह बैठकर आमजन के साथ कथा सुनने की चर्चा करते हुए सभी ने खूब प्रशंसा की। -सुमित सारस्वत, मो.9462737273


पढ़ें : बापू की नजर में व्हाट्सएप 

सोच रहा था कौन आएगा.. सीएम आ गई
बापू बोले, पहली बार नौ दिन नौ स्थानों पर कथा हो रही है। मन में संशय था आयोजन कैसा होगा। सोच रहा था कि कौन आएगा.. और देखो सीएम आ गई। देश-विदेश से आए वो तो जाएंगे भी कहां। बापू के इस विनोद पर सीएम और श्रोता हंसने-मुस्कुराने लगे।

सुनने आई हूं, बोलूंगी नहीं
बापू ने सीएम राजे को संबोधन के लिए पूछा तो उन्होंने यह कहकर मना कर दिया कि ‘मैं आपके दर्शन करने और कथा सुनने आई हूं। कुछ नहीं बोलूंगी।’


पढ़ें : शिव नगरी में दो रामभक्तों का मिलन

मेरे यहां प्रवेश है एक्जिट नहीं
कथा के बीच बापू ने सीएम की ओर देखते हुए पूछा, ‘आपको जाना तो नहीं है। प्रदेश का भार है। कार्यक्रम की व्यस्तता रहती है इसलिए आप जाना चाहें तो जा सकती हैं। संकोच ना करिएगा। मेरे यहां तो प्रवेश है, एक्जिट नहीं।’ जवाब में राजे ने मुस्कुराते हुए संकेत किया कि वे कथा सुनेंगी।


पढ़ें :  राजस्थान की मॉडल ने बढ़ाया भारत का गौरव
Sumit Saraswat available on :
Share:

November 9, 2017

करिश्मा : टी-20 में रचा इतिहास, 4 ओवर में बिना रन दिए गिराए 10 विकेट

15 साल के गेंदबाज ने महज 4 ओवर में बिना रन दिए एक के बाद एक 10 विकेट गिरा दिए। सुनकर हैरानी होती है मगर यह सच्चाई है। दुनियाभर के क्रिकेट खिलाड़ियों और प्रशंसकों को हैरत में डालने वाला यह कारनामा राजस्थान की राजधानी जयपुर में हुआ है।
पिंकसिटी में खेले गए एक घरेलू टी-20 मैच में 15 वर्षीय गेंदबाज आकाश चौधरी ने ऐसा करिश्मा कर दिखाया जो आज तक पूरी दुनिया में कोई नहीं कर सका। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज आकाश ने 4 ओवर की करिश्माई गेंदबाजी में बिना कोई रन देते हुए 10 विकेट झटके। दिशा क्रिकेट अकादमी की ओर से खेलते हुए आकाश ने पर्ल एकेडमी के खिलाफ इस प्रतिभावान खेल का प्रदर्शन किया। 156 रनों का पीछा करते हुए पर्ल एकेडमी की टीम 36 रन से यह मैच हार गई। क्रिकेट में आंकड़ों के जानकार मोहनदास मेनन ने यह जानकारी अपने ट्विटर पर शेयर की है।


आकाश ने इस उपलब्धि के बाद एक इंटरव्यू में कहा कि टी-20 मैच में 5 विकेट लेना ही आश्चर्य की बात होती है, ऐसे में मैंने 10 विकेट झटके। यह मेरे लिए बड़े गर्व की बात है। मैं इसके लिए भगवान का शुक्रिया अदा करता हूं। गौरतलब है कि 18 साल पहले 4 से 7 फरवरी 1999 को हुए टेस्ट मैच में भारत की ओर से गेंदबाज अनिल कुंबले ने पाकिस्तान के खिलाफ यह कारनामा किया था।

Share:

November 7, 2017

मुख्यमंत्री राजे ने केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री से की मुलाकात

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने मंगलवार शाम को नई दिल्ली के शास्त्री भवन में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस तथा कौशल विकास मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान से मुलाकात की।


मुख्यमंत्री ने प्रधान से मुलाकात के दौरान बाड़मेर में रिफाइनरी की स्थापना पर चर्चा की। उन्होंने इस दौरान स्किल डवलपमेंट सेंटरों और स्किल इंडिया से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की स्किल इंडिया योजना में प्रदेश सरकार अच्छा काम कर रही है। स्किल इंडिया में राजस्थान अग्रणी राज्य है और हमारी कोशिश है कि इस रफ्तार को आगे भी बरकरार रखा जाए।
Share:

किसान राजस्थान विकास में पार्टनर : वसुंधरा राजे | CM Vasundhara Raje in GRAM Udaipur

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि किसान राजस्थान के विकास का पार्टनर है और जब तक किसान मजबूत नहीं होगा तब तक प्रदेश आगे नहीं बढ़ सकता। इसीलिए किसानों एवं पशुपालकों को समृद्ध और संपन्न बनाने के लक्ष्य को लेकर हमारी सरकार ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट के आयोजन कर रही है। ‘ग्राम-उदयपुर’ में शामिल होकर संभाग के किसान कृषि, एग्रो-प्रोसेसिंग, पशुपालन, मत्स्य पालन, जैविक कृषि एवं डेयरी के क्षेत्र में नवाचार और तकनीक को सीखकर तरक्की का नया अध्याय लिखेंगे।
राजे मंगलवार को उदयपुर के सीटीएई कॉलेज ग्राउंड में प्रदेश के तीसरे ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने झालावाड़ जिले के ग्राम सरेड़ी निवासी प्रभुलाल साहू व अन्य किसानों का उदाहरण देते हुए कहा कि ग्राम का आयोजन प्रदेश के किसानों की आय बढ़ाकर उनकी जिंदगी बदल रहा है। कार्यक्रम में फिक्की के सेक्रेटरी जनरल डॉ. संजय बारू, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री किरण माहेश्वरी, सहकारिता एवं गोपालन मंत्री अजय सिंह किलक, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री बाबूलाल वर्मा, राजस्व मंत्री अमराराम, गोपालन राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज राज्य मंत्री धनसिंह रावत, पीएचईडी एवं भू-जल राज्य मंत्री सुशील कटारा, सांसद मानशंकर निनामा, अर्जुन लाल मीणा, संसदीय सचिव भीमा भाई, राजस्थान राज्य बीज निगम के चेयरमैन शम्भूसिंह खेतासर, राजस्थान पशुधन विकास बोर्ड के चेयरमैन जगमोहन सिंह बघेल, राजस्थान पशुपालक कल्याण बोर्ड के चेयरमैन गोवर्धन राइका सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, अंतर्राष्ट्रीय अतिथि, उद्योगपति, औद्योगिक प्रतिनिधि एवं उदयपुर संभाग से बड़ी संख्या में आए किसान एवं पशुपालक उपस्थित थे।

जनजाति क्षेत्रों में कृषि कुओं का निर्माण
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजाति क्षेत्र में हमारी सरकार ने मनरेगा योजना में 15 हजार कृषि कुओं की स्वीकृति जारी की है। इनमें से 2 हजार कृषि कुओं का निर्माण पूरा हो चुका है। साढे 11 हजार कुओं का निर्माण कार्य प्रगति पर है, बाकी कार्य प्रक्रियाधीन है। इसके अलावा जनजाति क्षेत्र में हमारी सरकार ने सर्वे कर 15 हजार अपूर्ण कृषि कुएं चिन्हित किए थे। इन सभी 15 हजार कुओं को हमारी सरकार पूर्ण करवाएगी। इसकी स्वीकृतियां चरणबद्ध रूप से जारी की जा रही है।


26 वन उपज ट्रांजिट परमिट से मुक्त
सीएम ने कहा कि जनजातीय समुदाय की मांग को देखते हुए हमने तेंदू फल, रतनजोत बीज, पुआड, आंवला फल, महुआ, महुआ बीज सहित 26 वन उपजों को ट्रांजिट परमिट से मुक्त कराया है। पहली बार प्रदे में चार फसलों मूंग, उड़द, मूंगफली और सोयाबीन की समर्थन मूल्य पर एक साथ खरीद की जा रही है। किसानों की सुविधा के लिए इस बार प्रदे में 52 खरीद केंद्र बढ़ाए गए हैं।


75 हजार करोड़ के ब्याज मुक्त फसली ऋण का रिकॉर्ड
राजे ने कहा कि हमारी सरकार ने किसानों को पिछले साढे़ तीन वर्षाें में करीब 57 हजार करोड़ रुपए का ब्याज मुक्त फसली ऋण दिया है। पांच वर्ष में हम 75 हजार करोड़ रुपए का ब्याज मुक्त फसली ऋण देकर देश में एक नया रिकॉर्ड बनाएंगे, जबकि पिछली सरकार ने 5 वर्षों में सिर्फ 25 हजार करोड़ रुपए का ही ब्याज मुक्त फसली ऋण दिया। हमारी सरकार ने साढ़े तीन वर्षों में 1 हजार 654 करोड़ रुपए का मध्यकालीन ऋण भी दिया।


किसानों को मिलेगा साढे़ 5% ब्याज दर पर ऋण
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के हितों को ध्यान रखते हुए हम भूमि विकास बैंकों और जिला सहकारी बैंकों की ब्याज दर लगातार घटा रहे हैं। पिछली सरकार में भूमि विकास बैंकों से किसानों को जो ऋण 12% या उससे अधिक ब्याज दर पर मिलता था, उसे घटाकर हमने 7% किया और वर्तमान में तो हम 6.7% ब्याज दर पर ही किसानों को ऋण उपलब्ध करवा रहे हैं। ब्याज दर को घटाकर अब साढे़ 5% तक कर दिया जाएगा।


किसानों की व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा का लाभ 12 गुना बढ़ाया
राजे ने कहा कि ऋणी किसानों का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा योजना के तहत बीमा लाभ हमारी सरकार ने 50 हजार से बढ़ाकर 6 लाख रुपए कर दिया है। अगले वित्तीय वर्ष में इसे 10 लाख रुपए किया जाएगा। इस वर्ष करीब 25 लाख किसानों को इस बीमा योजना से जोड़ा जाएगा। 55 रुपए वार्षिक किस्त वाली इस बीमा योजना में किसान से केवल साढे़ 27 रुपए ही लिए जाते हैं, बाकी की आधी राशि सहकारी बैंकों द्वारा जमा कराई जाती है। पंजाब में 120 रुपए की पूरी वार्षिक किस्त किसानों को ही देनी होती है और इसमें 5 लाख रु तक का ही बीमा हो रहा है। उन्होंने कहा कि कृषक साथी सहायता योजना में पहले दी जाने वाली एक लाख रुपए की सहायता को बढ़ाकर 2 लाख रुपए कर दिया है। खेती करते समय दुर्घटनाग्रस्त होने या मृत्यु होने पर किसान और खेतीहर मजदूर को अब तक 125 करोड़ रुपए की सहायता प्रदान की है। प्रदेश में डेयरी उद्योग को नई ऊंचाईयां प्रदान करने एवं मिल्क यूनियनों को सशक्त बनाने के लिए राज्य में 100 करोड़ रुपए का फण्ड बनाया जा रहा है। इस फण्ड से 9 लाख दुग्ध उत्पादकों को सीधा लाभ मिलेगा।


छोटे किसानों के लिए कृषि उपकरण वितरण केंद्र
सीएम ने कहा कि प्रदेश के लघु एवं लघु सीमान्त कृषकों को अच्छे कृषि उपकरण उपलब्ध कराने के लिए कस्टम हायरिंग सेंटर योजना शुरू की गई है। इसके लिए ट्रेक्टर और कृषि उपकरण निर्माता कंपनियों के साथ एमओयू किया गया है। ये कंपनियां तीन वर्षों में राज्य में 2 हजार 652 कस्टम हायरिंग सेन्टर स्थापित करेंगी। इनमें से इस वर्ष 750 सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं।


एग्री-टूरिज्म के क्षेत्र में अपार सम्भावनाएं
राजे ने कहा कि राज्य में एग्री-टूरिज्म के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। राज्य के किसान इसका लाभ उठाएं। किसान परंपरागत खेती के साथ-साथ औषधीय फसलों की खेती को भी अपनाएं। ग्राम-उदयपुर में हॉर्टिकल्चर, बायोगैस, एग्रोप्रोसेसिंग सहित विभिन्न क्षेत्र में होने वाले एमओयू का लाभ यहां के किसानों को मिलेगा। सीम ने कार्यक्रम में वियतनाम, अर्जेन्टीना, जर्मनी, ब्राजील, स्पेन, उज्बेकिस्तान और रूस से आए विदेशी मेहमानों का आभार जताया।

Share:

Featured Post

दास्तान-ए-आशिकी, जुबान-ए-इश्क | Famous Love Story

ग्लोबलाइजेशन के इस युग ने हमारी जेनरेशन को वैलेंटाइंस डे का तोहफा दिया है। यह दिन प्यार के नाम होता है। इतिहास के पन्ने पलटने पर आप पाएंगे...

Amazon Big Offer

Advt

Blog Archive

Copyright

इस ब्लॉग में दिये किसी भी लेख या उसके अंश और चित्र को बिना अनुमति के किसी भी अन्य वेबसाइट या समाचार-पत्र, पत्रिका में प्रकाशित नहीं किया जा सकता। अनुमति के लिये केवल मेल पर सम्पर्क करें: sumit.saraswat09@gmail.com

Pageviews

Labels

Blog Archive

Recent Posts

Unordered List

Theme Support